मासिक दुर्गाष्टमी: आज कन्याओं को दें ये उपहार, फिर देखें कैसे बनते हैं बिगड़े काम
punjabkesari.in Wednesday, Dec 04, 2019 - 08:46 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
आज शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि है, हर महीने इस दिन मासिक दुर्गाष्टमी का पर्व मनाए जाने का विधान है। इस दिन नवदुर्गा के नौ रुपों की पूजा होती है। दुर्गाष्टमी पूजा हर युग, कल्प व मन्वंतर में होती रही है। इसके बहुत सारे प्रमाण हमारे धर्म ग्रंथों में भी मिलते हैं। श्रीराम ने भी रावण वध से पहले दुर्गा पूजा की थी। जिस समय राम-रावण युद्ध हो रहा था, उस वक्त महर्षि नारद ने श्रीराम को शक्ति की उपासना करने के लिए कहा था। मां दुर्गा की कृपा से श्रीराम युद्ध में विजयी हुए और रावण के वंश का अंश मिटा दिया।
पौराणिक कथा के अनुसार जिस समय दुर्गम राक्षस के भय से तीनों लोक भयभीत थे। उस समय शिव की शक्ति मूल प्रकृति ने देवी दुर्गसैनी नाम से अवतार लिया और दुर्गमासुर का वध करके संसार की रक्षा की थी। तभी से इन्हें दुर्गा कहा जाता है।
मान्यता है कि मासिक दुर्गाष्टमी के दिन कन्या पूजन करना चाहिए। कन्या को देवी रूप मानकर इनका स्वागत करें। इससे देवी प्रसन्न होती हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं। यहां तक की सभी बिगड़े काम बनने लगते हैं।
कन्या पूजन की विधि
कन्या पूजन के दिन कन्याओं को घर पर आमंत्रित करें। उनकी उम्र 2 से 9 वर्ष होनी चाहिए क्योंकि इसी उम्र की कन्याओं को मां दुर्गा का रूप माना गया है। कन्याओं के साथ एक लोंगड़ा यानी लड़के को भी साथ बिठाते हैं। कहा जाता है कि लोंगड़े के अभाव में कन्या पूजन पूर्ण नहीं होता।
कन्या और लोंगड़े के चरण धोकर उन्हें आसन पर बैठाएं। कलाई पर मौली बांधें और माथे पर रोली का तिलक लगाएं।
मां दुर्गा को सूखे काले चने, हलवा पूरी, खीर व फल आदि का भोग लगाकर कन्याओं और लोंगड़े को प्रसाद दें, साथ ही कुछ न कुछ दक्षिणा अवश्य दें। घर से विदा करते समय उनसे आशीर्वाद के रूप में थपकी अवश्य लें।
उपहार में दें ये चीजें
वैसे समय अब काफी मॉडर्न हो गया हैं इसलिए आप प्रसाद के साथ उन्हें मनपसंद चीजें उपहार में भी दे सकते हैं क्योंकि गिफ्ट पाकर हर बच्चा खुश होता है। बाजार में आपको ऐसी बहुत सारी चीजें मिल जाएंगी जिन्हें आप कंजक पूजन में बच्चों को दे सकते हैं। ध्यान रहें ऐसी कोई भी गिफ्ट उन्हें न दें जो उनके काम न आए। ये उपहार उनकी उम्र के हिसाब से हो तो अच्छा है। कंजक पूजन में दिए जाने वाले गिफ्ट को लेकर बाजारों में खूब धूम मची हुई हैं। बस अपनी पसंद की चीजें लाएं और बच्चों को खुश करें।
एक्सेसरीज- लड़कियों को एक्सैसरीज बहुत पसंद आती हैं। आप उनके लिए नेकलेस, कलरफुल बैंग्ल्स, ब्रैस्लेट, हेयरबैंड, क्लिप्स, हेयरपिन छोटे इयररिंग आदि दे सकते हैं। लेकिन ये चीजें 6 से 9 साल की लड़कियों को दें तो अच्छा हैं क्योंकि वह इन चीजों का इस्तेमाल करना बखूबी जानती हैं।
स्टेशनरी- छोटे बच्चों को स्टेशनरी का सामान गिफ्ट में दिया जाए तो सबसे बढ़िया हैं ये चीजें उनके बहुत काम आती हैं। आप उन्हें पैंसिल बॉक्स शॉर्पनर पेंन रबड़ और ड्राइंग कलर दे सकते हैं। अगर बच्चे 4 से 5 साल के हैं तो उन्हें आप कविता-कहानी से जुड़ी किताबें भी दे सकते हैं।
खिलौने- 2 से 3 साल के बच्चे खिलौने से खेलना ज्यादा पसंद करते हैं तो आप इन्हें बैलून, टैंडी, कलरफुल ब्लॉक गेम्स, एल्फाबेट्स गेमस आदि दे सकते हैं।
स्कूल आइटम- बच्चे स्कूल में टिफ्फन वॉटर बोतल सिप्पर आदि की जरूरत तो पड़ती ही हैं आप उन्हें उनके मनपसंद कार्टून करैक्टर वाली ये चीजें भी दे सकते हैं।
पिग्गी बैंक- अगर आप बच्चों को देने के लिए कोई चीज सिलैक्ट नहीं कर पा रहे तो उन्हें पिग्गी बैंक दीजिए। इससे उन्हें अपनी पॉकेट मनी सेव करने की अच्छी आदत भी पड़ेगी। इसे आप हर उम्र के बच्चे को दे सकते हैं।