महाशिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, गूंजे घंटे-घड़ियाल

punjabkesari.in Wednesday, Mar 02, 2022 - 02:57 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
नई दिल्ली: शिव जी बिहानी चले पालकी सजाय कै, भभूति लगाए कै हो ना/रे भईया संग-संग बाराती चले ढोलवा बजाय कै, घोड़वा दौड़ाय कै हो ना। जैसे भोले बाबा के गीतों के साथ राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में भोले बाबा की बारात निकाली गई। जिसमें उनके भूत-प्रेतों के साथ ही श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। हर मंदिर से हर-हर महादेव शिव-शंभू के जयघोष गूंजते दिखाई दिए और जलाभिषेक के लिए दूर तक कतारों में खड़े भक्तजन अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।

कहीं रूद्र पाठ तो कहीं हुआ रूद्राभिषेक
सबसे अधिक भीड़ चांदनी चौक के गौरी शंकर मंदिर में लगी थी, जहां बेरिकेडिंग लगाकर लोगों से लाईन लगवाई गई। जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन से लेकर हजारों की संख्या में खड़े श्रद्धालु सुबह से लेकर देर शाम तक  जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। जहां सरोजिनी नगर मार्केट में नंदी पर बैठे भोले बाबा की बारात में जमकर श्रद्धालुओं ने झूमते हुए जयकारे लगाए। वहीं महिपालपुर में दूर-दूर तक झांकी के पीछे भक्तों का हुजूम देखने को मिला। वहीं छत्तरपुर मंदिर में भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक किया गया।

भोले बाबा की बारात में जमकर नाचे श्रद्धालु
महाशिवरात्रि पर दिल्ली प्रशासन की ओर से लगभग हर मंदिर में पुख्ता व्यवस्था की गई थी। इस दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से भी अभिषेक की पूरी सामाग्री जैसे दूध, दही, बेलपत्र, भांग, धतूरा, बेर आदि निशुल्क भक्तों को उपलब्ध करवाई गई थी। शिव दरबार को फूलों व सोने और हीरे के आभूषणों से सजाया गया था। जबकि झंडेवालान मंदिर के शिवालय में सिर्फ वही लोग जलाभिषेक कर पाए जिन्होंने पहले से बुकिंग करवाई हुई थी। हालांकि दर्शन सभी भक्तों के लिए खोले गए थे। वहीं इंद्रप्रस्थ ब्राह्मण महासभा द्वारा कालकाजी में भगवान शिव-पार्वती की बारात का आयोजन भव्य शोभायात्रा के माध्यम से किया गया था। जबकि आरजी रेजिडेंसी सेक्टर 120 नोएडा में शिव परिवार की स्थापना विधिवत पूजा कर की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jyoti

Recommended News

Related News