Maha Shivratri Special : उज्जैन पुलिस की स्मार्ट व्यवस्था, 40 मिनट में बाबा महाकाल के दर्शन
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 09:14 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Maha Shivratri Special : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर धार्मिक नगरी उज्जैन एक बार फिर आस्था के विराट स्वरूप की साक्षी बनने जा रही है। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार इस बार करीब 10 लाख भक्त महाकालेश्वर मंदिर में मत्था टेक सकते हैं। इसके साथ ही लगभग डेढ़ लाख वाहनों के शहर में प्रवेश की संभावना जताई गई है। भीड़ और यातायात को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था होगी डिजिटल और स्मार्ट
श्रद्धालुओं को जाम से राहत देने के लिए इस बार तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। आईटी टीम और ट्रैफिक पुलिस मिलकर गूगल मैप पर उन मार्गों को अस्थायी रूप से ब्लॉक दिखाएंगी, जहां अधिक भीड़ या ट्रैफिक दबाव होगा। वहीं, खाली और सुगम रास्तों के साथ उपलब्ध पार्किंग की जानकारी रियल टाइम अपडेट के जरिए दिखाई जाएगी। इससे श्रद्धालु बिना भटके सीधे निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंच सकेंगे। इसी तरह की व्यवस्था नए साल पर भी सफलतापूर्वक लागू की गई थी।
44 घंटे तक होंगे दर्शन
15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा और इस दौरान बाबा महाकाल के दर्शन लगभग 44 घंटे तक निरंतर जारी रहेंगे। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए करीब 250 ट्रैफिक पुलिसकर्मी विशेष रूप से यातायात व्यवस्था संभालेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
महाशिवरात्रि के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए करीब 2000 पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इनमें 150 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल होंगी, जो महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। यह सुरक्षा बल 14 फरवरी की रात से 16 फरवरी तक सक्रिय रहेगा। पूरे क्षेत्र में 200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और ड्रोन कैमरों से भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जा रहे हैं ताकि किसी श्रद्धालु को रास्ता खोजने में परेशानी न हो।
तय किया गया विशेष दर्शन मार्ग
आम श्रद्धालुओं के लिए अलग से दर्शन रूट निर्धारित किया गया है। भक्तों की कतार कर्कराज पार्किंग से शुरू होकर चार धाम मंदिर मार्ग होते हुए त्रिवेणी संग्रहालय तक पहुंचेगी। वहां से श्रद्धालु महाकाल लोक के रास्ते मानसरोवर द्वार से मंदिर में प्रवेश करेंगे। दर्शन के बाद निकास महाकाल टनल के माध्यम से बड़े गणेश मंदिर की ओर होगा। पूरी प्रक्रिया में लगभग 40 मिनट का समय लगने का अनुमान है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं
दर्शन मार्ग पर टेंट के जरिए छाया, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लंबी कतार में खड़े भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुल मिलाकर प्रशासन ने महाशिवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को ध्यान में रखते हुए व्यापक और आधुनिक व्यवस्थाएं की हैं, जिससे बाबा महाकाल के दरबार तक पहुंचना आसान और व्यवस्थित हो सके।
