Magh Gupt Navratri : सपने में मां दुर्गा का दिखना क्या है संकेत ? जानें शुभ-अशुभ अर्थ
punjabkesari.in Saturday, Jan 17, 2026 - 02:00 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Magh Gupt Navratri : माघ मास की गुप्त नवरात्रि शक्ति की साधना और मां दुर्गा की अराधना के लिए अत्यंत विशेष मानी जाती है। यह समय तंत्र-मंत्र और गुप्त सिद्धियों के लिए जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही यह आध्यात्मिक संकेतों के लिए भी जाना जाता है। स्वप्न शास्त्र के अनुसार नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा का सपने में आना महज एक संयोग नहीं, बल्कि भविष्य के प्रति एक गहरा संकेत होता है। जानते हैं कि माघ गुप्त नवरात्रि के पावन दिनों में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को देखने का क्या अर्थ होता है और ये आपके जीवन में क्या बदलाव ला सकते हैं।

सपने में मां दुर्गा का दिखना:
शास्त्रों में मां दुर्गा को शक्ति, संरक्षण और संहार की अधिष्ठात्री माना गया है। यदि गुप्त नवरात्रि के दौरान आपको मां के दर्शन होते हैं, तो इसका सामान्य अर्थ है कि आपकी भक्ति सफल हो रही है और मां की कृपा आप पर बरसने वाली है। लेकिन मां किस मुद्रा में दिखी हैं, इसका अर्थ अलग-अलग हो सकता है।
मां दुर्गा का शांत या मुस्कुराता हुआ रूप
यदि आप सपने में मां दुर्गा को मुस्कुराते हुए या आशीर्वाद मुद्रा में देखते हैं, तो यह अत्यंत शुभ माना जाता है। इसका अर्थ है कि आपके जीवन से दुखों का अंत होने वाला है। यदि आप किसी लंबे रोग से परेशान हैं या आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, तो यह सपना संकेत देता है कि अब आपके अच्छे दिन आने वाले हैं।

मां दुर्गा की मूर्ति देखना
नवरात्रि में मां दुर्गा की मूर्ति या प्रतिमा देखना इस बात का संकेत है कि आपके परिवार में सुख-समृद्धि आने वाली है। यह रुका हुआ धन मिलने या करियर में तरक्की का सूचक भी होता है।
मां दुर्गा को सिंह पर सवार देखना
शेर शक्ति और साहस का प्रतीक है। यदि आप मां को शेर पर सवार देखते हैं तो इसका मतलब है कि आप अपने शत्रुओं पर विजय प्राप्त करेंगे। आपके अंदर एक नई ऊर्जा का संचार होगा और समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा।
लाल वस्त्रों में मां के दर्शन
लाल रंग सौभाग्य और ऊर्जा का प्रतीक है। सपने में मां दुर्गा को लाल साड़ी या लाल वस्त्रों में देखना विवाह के योग बनने या घर में संतान सुख प्राप्ति का संकेत हो सकता है।

