King C Gillette story: जिंदगी जीना आसान नहीं होता, बिना संघर्ष के कोई महान नहीं होता
punjabkesari.in Wednesday, Oct 25, 2023 - 08:39 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
King C Gillette story: यदि हम जीवन में लगातार संघर्ष करते रहें तो एक दिन सफलता हमें जरूर मिलती है। बात उन दिनों की है जब अमेरिकी कारोबारी किंग सी. जिलेट आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती दिन बहुत तंगहाली में गुजारे। अक्सर उनके पास खाने को पैसे तक नहीं रहते थे। शुरू में कुछ दोस्तों ने उनकी मदद की, बाद में उन्होंने भी उनसे मुंह फेरना शुरू कर दिया। जिलेट अपने लिए कोई काम ढूंढ रहे थे।
काम की तलाश में वह सुबह ही घर से निकल जाते और थके-मांदे देर रात को निराश होकर वापस आते। आखिरकार, एक दिन उन्हें एक कंपनी में क्लर्क का काम मिल गया। एक दिन काम पर जाने से पहले उस्तरे से दाढ़ी बनाते समय उन्हें बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा। उस्तरे की धार कम हो गई थी और वह मुश्किल से ही काम कर रहा था।
उन दिनों जिलेट ने सोचा कि दाढ़ी बनाने की परेशानी दूर करने के लिए, क्या कोई तकनीक नहीं ईजाद की जा सकती?
उसी समय उन्हें ब्लेड बनाने का ख्याल आया मगर उस समय पैसों की कमी के कारण वह उसके लिए जरूरी मशीन खरीदने में असमर्थ थे लेकिन जिलेट पर ब्लेड बनाने की धुन सवार हो चुकी थी, इसलिए उन्होंने कर्ज लेकर मशीन खरीदी और ब्लेड बनाने में जुट गए।
पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली और वह पूरी तरह कर्ज में डूब गए। लोग उनकी असफलता पर हंसते थे मगर इतने मुश्किल समय में भी जिलेट ने हिम्मत नहीं हारी और अपने काम में पूरी तन्मयता से लगे रहे। आखिरकार, उन्होंने ब्लेड बनाने में सफलता हासिल कर ही ली। उनके बनाए ब्लेड बहुत ही अच्छे थे जिससे दाढ़ी बनाना बहुत सरल था। कुछ ही समय में उनके द्वारा बनाए गए ब्लेडों को पूरे विश्व में मान्यता मिल गई। उनके ब्लेड चारों ओर बिकने लगे और वह एक सफल कारोबारी के रूप में लोकप्रिय हो गए। आज दुनिया भर में उनकी कंपनी की फैक्ट्रियां मौजूद हैं। याद रखें कि जीवन में यदि किसी भी कार्य की लक्ष्य प्राप्ति के लिए लगातार काम करते रहें तो सफलता अवश्य मिलती है।