Kawad Yatra Safety : कांवड़ मार्गों पर मौजूद डार्क स्पॉट्स पर होगी प्रकाश व्यवस्था

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 08:42 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर डार्क स्पॉट्स को दूर करने और प्रकाश व्यवस्था में सुधार करने के लिए अभियान शुरू किया है। साथ ही, उन्होंने यात्रियों को चेतावनी दी है कि वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान लाखों तीर्थयात्रियों के राष्ट्रीय राजधानी से गुजरने के कारण यातायात बाधित हो सकता है।

मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, शौचालय, यातायात प्रबंधन और कांवड़ शिविरों में सुविधाओं सहित तैयारियों की समीक्षा के लिए कई बैठकें कीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में डार्क स्पॉट्स को दूर करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर उचित स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर शराब और मांस की दुकानें यात्रा के दौरान बंद रहेंगी और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। 

एमसीडी ने अपने 12 जोन को कांवड़ मार्गों और कांवड़ शिविरों के पास अनधिकृत मांस की दुकानों को बंद करने और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंस प्राप्त आउटलेट्स के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा अधिकारियों को यात्रा से पहले नागरिक व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए भी कहा गया है, जिसके दौरान 30 जुलाई से 11 अगस्त तक दिल्ली भर में 308 कांवड़ शिविर संचालित होंगे। 

मिश्रा ने बताया कि दिल्ली पुलिस, यातायात पुलिस और नागरिक सुरक्षा के समन्वय से जहां भी आवश्यक होगा, यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं और कांवड़ सेवा समितियों की मदद से तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। कांवड़ तीर्थयात्रियों की आवाजाही के आधार पर जीटी रोड, रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, मुकरबा चौक, आजादपुर, वजीराबाद रोड, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, एनएच-44 और दिल्ली को गाजियाबाद व हरियाणा से जोड़ने वाले सीमावर्ती क्षेत्रों पर यातायात को विनियमित किए जाने की संभावना है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News