Kashi Vishwanath Mandir : बाबा विश्वनाथ के भक्तों के लिए महत्वपूर्ण सूचना, दर्शन को लेकर की गई नई अपील

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 10:32 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Kashi Vishwanath Mandir : श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। मंदिर प्रशासन ने कहा है कि विशेष परिस्थितियों में भी बाबा के दर्शन के लिए किसी दलाल या जुगाड़ का सहारा न लें। यदि किसी श्रद्धालु को किसी प्रकार की विशेष सुविधा या अनुरोध करना हो, तो वह सीधे मंदिर न्यास कार्यालय में लिखित आवेदन दे सकता है या ceo@skvt.org पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकता है। न्यास की ओर से जो भी संभव सुविधा होगी, उसे पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। सामान्य दर्शन, आरती और रुद्राभिषेक से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए श्रद्धालु मंदिर के हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

इसी बीच मंदिर प्रशासन ने पुणे से काशीवास के लिए आए एक दंपती की विशेष सहायता भी की है। पुणे निवासी संजीव आंबेकर और नेहा आंबेकर 9 महीने 9 दिन के काशीवास के संकल्प के साथ वाराणसी आए थे, जो 29 मार्च को पूरा होने वाला है। अपने संकल्प के अनुसार उन्हें प्रतिदिन बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजन करना था लेकिन दैनिक पास बंद होने के कारण उन्हें रोज दर्शन करने में परेशानी हो रही थी।

दंपती ने बताया कि हर दिन सुगम दर्शन का टिकट लेना भी उनके लिए व्यावहारिक नहीं था। इसके बाद उन्होंने मंदिर कार्यालय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी से संपर्क किया। उनकी श्रद्धा और संकल्प को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने उनके नियमित दर्शन और पूजन की विशेष व्यवस्था कर दी।

इस तरह मंदिर प्रशासन ने एक ओर श्रद्धालुओं को दलालों से सावधान रहने की सलाह दी है, वहीं सच्ची श्रद्धा रखने वाले भक्तों की सहायता कर एक सकारात्मक संदेश भी दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News