Kashi Vishwanath Ganga Aarti : काशी विश्वनाथ मंदिर में पहली गंगा आरती का हुआ आगाज, ललिता घाट पर उमड़ी भक्तों की भीड़
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 07:50 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Kashi Vishwanath Ganga Aarti : बृहस्पतिवार से बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को अब गंगा आरती का अद्भुत नजारा शुरू हो गया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से शाम 6 बजे ललिता घाट पर गंगा आरती का आयोजन किया गया,जिसमें सात अर्चकों ने करीब 45 मिनट तक मां गंगा की आराधना की। पहली बार आयोजित हो रही इस आरती को देखने के लिए लगभग 10 से 15 हजार श्रद्धालु पहुंचे। यह काशी की पांचवीं प्रमुख गंगा आरती होगी।
इस आरती का लाभ सिर्फ मंदिर में दर्शन करने वाले भक्त ही नहीं, बल्कि गंगा में नौकायन करने वाले पर्यटक, ललिता घाट पर मौजूद सैलानी और स्थानीय लोग भी उठा सकेंगे। घाट की सीढ़ियों पर बैठकर आरती का आनंद लिया जा सकेगा। खास बात यह है कि जो लोग दशाश्वमेध घाट पर भीड़ या समय की वजह से आरती नहीं देख पाते, उनके लिए ललिता घाट एक नया विकल्प बनकर सामने आया है।
मंदिर प्रशासन ने व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। भक्त जिस गेट से मंदिर में प्रवेश करेंगे, आरती के बाद उसी मार्ग से बाहर निकल सकेंगे। आरती से पहले घाट की साफ-सफाई कराई गई है और अर्चकों के लिए सात विशेष चौकियां तैयार की गई हैं।
इसके अलावा, आरती स्थल को आकर्षक रोशनी और सजावट से सुसज्जित किया गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा किनारे रेलिंग और बैरिकेडिंग भी लगाई गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से खड़े होकर आरती का दर्शन कर सकें।
