महिला की 9 शादियां उसके चरित्र का आकलन करने का आधार नहीं : हाईकोर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 09:24 AM (IST)
बेंगलुरु (एजैंसी): कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा है कि किसी महिला की 9 शादियां उसके चरित्र का आकलन करने या उसकी शिकायत को खारिज करने का आधार नहीं बन सकतीं। न्यायमूर्ति एम. नागप्रसन्ना ने शिकायतकर्त्ता महिला के वैवाहिक इतिहास पर कहा कि शादियों की संख्या अपने आप में यह साबित नहीं करती है कि वह आपराधिक प्रवृत्ति की है और न ही यह पति के खिलाफ आरोपों को खारिज करने का कारण बन सकती है।
न्यायालय ने कहा, “किसी व्यक्ति के विवाहों की संख्या, अपने आप में, चरित्र पर अभियोग का कारण नहीं बन सकती और न ही यह आपराधिक कदाचार की कोई पूर्व धारणा पेश करती है।” यह मामला 13 जनवरी, 2022 को हुए विवाह के बाद उत्पन्न विवाद से जुड़ा है। शादी के बाद संबंध बिगड़ने पर पत्नी ने पति और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी थी।
महिला के पति राजा ने इस कानूनी कार्रवाई को यह कहते हुए चुनौती दी थी कि उसकी पत्नी ने 9 शादियां की थीं और ऐसा कथित तौर पर धन ऐंठने की नीयत से किया गया था। इस पर महिला ने पिछली शादियों को स्वीकार किया, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि उसकी हर एक शादी का अंत तलाक, तलाक-ए-खास या खुला के जरिए हुआ था। उसने कहा-पति के खिलाफ क्रूरता और दहेज प्रताड़ना का मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सामग्री मौजूद है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
