Guru Purnima 2026: गुरु पूर्णिमा पर गुरु को दें ये भेंट, खुलने लगेंगे उन्नति के बंद द्वार
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 12:16 PM (IST)
Guru Purnima 2026: हिंदू धर्म में गुरु का स्थान भगवान से भी ऊपर माना गया है। आषाढ़ मास की पूर्णिमा को मनाई जाने वाली गुरु पूर्णिमा न केवल श्रद्धा व्यक्त करने का दिन है, बल्कि यह अपने मार्गदर्शक के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का महापर्व है। इस वर्ष यह पावन पर्व 29 जुलाई 2026 को मनाया जाएगा। मान्यता है कि इस दिन यदि शिष्य अपने गुरु को उनकी राशि के अनुसार उपहार भेंट करें, तो उनके जीवन में उन्नति के बंद द्वार खुल जाते हैं और गुरु का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।

गुरु को भगवान के सम्मान दर्जा दिया गया है। हर व्यक्ति के जीवन में गुरु का होना बहुत आवश्यक है। गुरु ही व्यक्ति को सही ज्ञान देकर अंधकार से प्रकाश तक लेकर जाता है। व्यक्ति को अपने गुरु का सदैव आदर सत्कार करना चाहिए। जब भी गुरु के पास जाना हो तो खाली हाथ न जाएं। गुरु पूर्णिमा के दिन गुरु को उपहार दें। यदि उपहार राशिनुसार दिया जाए तो व्यक्ति को गुरु के आशीर्वाद के साथ सुख- समृद्धि की प्राप्ति होगी।

गुरु पूर्णिमा के दिन मेष, तुला, मकर व कर्क राशि वाले जातक अपने गुरु को श्वेत वस्त्र, चावल, सफेद मिठाई या अन्य कोई भी सफेद वस्तु भेंटस्वरूप दे सकते हैं।
वृष, सिंह, वृश्चिक व कुंभ राशि वाले गुरु को लाल वस्त्र, लाल फल और अन्न उपहार में दे सकते हैं। ऐसा करने से व्यक्ति को शुभ फल की प्राप्ति होती है।

गुरु पूर्णिमा के दिन मिथुन, कन्या, धनु, मीन राशि वाले लोग अपने गुरु को पीले रंग के फल, वस्त्र, मिठाई आदि चीजें भेंट में दें। इस प्रकार का उपहार देना शुभ होता है।
गुरु पूर्णिमा का पर्व केवल उपहार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सच्ची निष्ठा और कृतज्ञता व्यक्त करने का समय है। गुरु के चरणों में अर्पित किया गया एक छोटा सा उपहार भी यदि श्रद्धा भाव से दिया जाए, तो वह शिष्य के जीवन में खुशहाली के नए द्वार खोल सकता है।

