Gurdwara Sahib Mandoli: गुरुद्वारा साहिब में झड़प के दौरान चली गोली, 2 घायल

punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 11:14 AM (IST)

पटियाला/राजपुरा (बलजिन्द्र, हरविंदर): थाना खेड़ी गंडियां के अंतर्गत आते गांव मंडौली के गुरुद्वारा साहिब में 2 पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चल गई। इस घटना में गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान नायब सिंह और एक अन्य व्यक्ति कमलजीत सिंह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

थाना खेड़ी गंडियां के एस.एच.ओ. जरनैल सिंह भुल्लर ने बताया कि आज गांव मंडौली स्थित गुरुद्वारा साहिब के परिसर में 2 पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। कमलजीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह निवासी गांव मंडौली पुराने गुरुद्वारा साहिब में पहुंचे थे। उस समय गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान नायब सिंह पुत्र नछत्तर सिंह भी वहां मौजूद थे और संक्रांति होने के कारण गोलक की सेवा के तहत चढ़ावे की राशि गिनने का काम चल रहा था। 

पुलिस के अनुसार, कमलजीत सिंह जब गुरुद्वारा साहिब से बाहर आने लगे तो प्रधान नायब सिंह ने उन्हें बाहर रोकने का प्रयास किया और घर जाने के लिए कहा। इसी दौरान कमलजीत सिंह ने कथित तौर पर प्रधान नायब सिंह पर कृपाण से 2 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। 

पुलिस के अनुसार इसके बाद अपने बचाव में गुरुद्वारा साहिब के प्रधान नायब सिंह की ओर से गोली चलाई गई, जो कमलजीत सिंह के पेट में लगी। दोनों घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके फिट होने के बाद दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उसके आधार पर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News