धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने वालों की बल्ले-बल्ले, कीमतों में गिरावट से बाजारों में लौटी रौनक

punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2026 - 08:09 AM (IST)

नई दिल्ली (ज्ञानप्रकाश /नवोदय टाइम्स): धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा बाजारों में रौनक बढ़ाने लगी है। पिछले कुछ महीनों से आसमान छू रही किमतें घटने से लोग गहने खरीदने के लिए आकर्षित हो रहे हैं। शादी-ब्याह के लिए भी आभूषण की खरीदारी जोर पकड़ रही है। जरूरत और क्षमता के अनुसार लोग सोना ले रहे हैं। बाजार में सोने की छड़ें और सिक्के पहली पसंद बन रहे हैं। धनतेरस 6 नवम्बर को है और दीपावली 8 नवम्बर को मनाई जाएगी। ऐसे में दिल्ली के बाजारों और बड़े ब्रांडेड शोरूम में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस और शादी-ब्याह के आगामी सीजन में अच्छी बिक्री होगी।

दिल्ली में 4 नवम्बर को 24 कैरेट सोने का सांकेतिक भाव करीब 1,39,800 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट का भाव 1,28,160 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। अक्टूबर में सोना अपने उच्च स्तर से करीब 12 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक नीचे आया है। हालांकि, बीते दिन के मुकाबले बुधवार को भाव में मामूली तेजी भी दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सोने के दाम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में ग्राहक एक साथ बड़ी खरीदारी करने के बजाय जरूरत और बजट के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। ग्राहक भारी हार और बड़े सेट के बजाय हल्के नेकलेस, चेन, अंगूठी, कंगन और रोजमर्रा में पहने जाने वाले आभूषण पसंद कर रहे हैं। वहीं, कम बजट वाले ग्राहक सोने के छोटे सिक्के और चांदी के आभूषण खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं।

चांदनी चौक से करोल बाग तक ग्राहकों की नजर कीमत पर: दिल्ली में चांदी और सोने की खरीदारी के लिए चांदनी चौक, दरीबा कलां, करोल बाग, लाजपत नगर और सदर बाजार जैसे प्रमुख बाजारों में ग्राहक पहुंच रहे हैं। चांदनी चौक और दरीबा कलां में पारंपरिक आभूषणों और चांदी के सिक्कों की अच्छी मांग रहती है, जबकि करोल बाग और लाजपत नगर में ब्रांडेड शोरूम के साथ स्थानीय ज्वेलर्स भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। ग्राहक खरीदारी से पहले अलग-अलग दुकानों में भाव और मेकिंग चार्ज की तुलना कर रहे हैं। ब्रांडेड शोरूम में डिजाइन, गुणवत्ता और एक्सचेंज सुविधा को लेकर ग्राहकों का भरोसा रहता है, लेकिन स्थानीय सराफा बाजार में भी प्रतिस्पर्धी कीमतों पर खरीदारी के विकल्प उपलब्ध हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News