Braj Mandal Jalabhishek Yatra: नूंह में कड़ी सुरक्षा के बीच निकाली गई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 08:01 AM (IST)
नूंह (ब्यूरो): सावन के पहले सोमवार को ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। जिले के नल्हड़ेश्वर, झिरकेश्वर और श्रंगेश्वर पांडवकालीन शिव मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। यात्रा में हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, खेल मंत्री गौरव गौतम, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व मंत्री कुंवर संजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और साधु-संत शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर एहतियात के तौर पर मीट की दुकानें बंद रहीं, जबकि जिले के सभी स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया।
उधर, 2023 की नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को यात्रा में शामिल होने से पहले ही फरीदाबाद स्थित उनके घर पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया। प्रशासन ने उन्हें नूंह जाने की अनुमति नहीं दी और रविवार रात से ही उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
आपसी भाईचारे ने धो दिए बदनामी के दाग
इस यात्रा में 31 जुलाई 2023 को उस समय एक बड़ा मोड़ आ गया, जब कुछ असामाजिक तत्वों के कारण चलती यात्रा में दंगे भड़क गए, जिसके कारण जिले की पूरे देश में बदनामी हुई। इसके बाद प्रशासन व स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर इस बदनामी के दाग को धोने के लिए कदम बढ़ाया। इसका नतीजा यह रहा कि सोमवार को निकली यात्रा में मुस्लिमों ने बड़ी संख्या में आगे आकर यात्रियों का स्वागत किया।
यात्रा के दौरान राजस्थान के बिल्लू गुर्जर, जिनकी शक्ल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलती है, श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। लोगों ने उनके साथ जमकर सैल्फियां लीं।
