अजब-गजब: गांव जहां इंसानों से लेकर जानवर सब हैं अंधे
punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 01:04 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Mexico tiltepec village story: इस दुनिया में ऐसी कई चीजें हैं जिन पर भरोसा करना बहुत मुश्किल है। अगर आपसे कहा जाए कि इसी दुनिया में एक ऐसा भी गांव है, जहां पर पैदा होने के बाद हर एक बच्चा अंधा हो जाता है तो शायद ही आप इस पर भरोसा करेंगे, लेकिन एक कदम आगे जाकर अगर आपसे यह कहे कि इस गांव का हर एक जानवर भी अंधा ही है तो यह आपको ज्यादा हास्यास्पद लगेगा।
आपको हैरानी हो रही होगी लेकिन यह बात बिल्कुल सच है। मैक्सिको में एक ऐसा गांव है, जहां पर पैदा होने वाला प्रत्येक बच्चा अंधा हो जाता है। यह बात बेहद चौंकाने वाली है लेकिन मैक्सिको के टिल्टेपक गांव में रहने वाली जनजाति का प्रत्येक सदस्य अंधा है। इसे दुनिया के रहस्यमयी गांवों की लिस्ट में शामिल किया जाता है। जब कोई बच्चा यहां पैदा होता है, तब उसकी आंखें ठीक होती हैं लेकिन धीरे-धीरे उसकी आंखों की रोशनी जाने लगती है और अंत में वह अंधा हो जाता है।
टिल्टेपक गांव की जनजाति के बड़े-बुजुर्ग बताते हैं कि इस गांव में एक शापित पेड़ है जो इस अंधेपन की वजह है। लावजुएला नामक इस पेड़ को देखने के बाद लोग ही नहीं बल्कि जानवर भी अंधे हो जाते हैं।
हालांकि, यह केवल एक अंधविश्वास मात्र ही है। स्थानीय लोगों से इतर वैज्ञानिक यहां के अंधेपन की वजह कुछ और ही मानते हैं।
वैज्ञानिकों का मानना है कि यहां पर एक विशेष प्रजाति की जहरीली मक्खी पाई जाती है जिसके काटने की वजह से यहां के लोग धीरे-धीरे अंधे होने लगते हैं और यही मक्खी जानवरों के अंधे होने की वजह भी बनती है। मैक्सिकन गवर्नमैंट ने यहां के लोगों की भलाई के लिए कई प्रयास किए लेकिन सारी कोशिशें विफल रहीं।
टिल्टेपक गांव में रहने वाली जनजाति को दूसरी जगहों पर बसाया गया लेकिन वातावरण प्रतिकूल होने की वजह से नई जगहों पर रहने में लोगों को दिक्कत आने लगी। वर्तमान समय में इन्हें इनकी हालत पर छोड़ दिया गया है।