Amritsar news: जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब ने माछीवाड़ा में सिख किसान की मारपीट का लिया नोटिस
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 11:54 AM (IST)
अमृतसर (सर्बजीत): श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने विगत रात्रि माछीवाड़ा साहिब नगर में एक किरती सिख किसान (पूर्व फौजी) कुलदीप सिंह और उनके पुत्र काका सुमनप्रीत सिंह (16) के साथ नगर कौंसिल के कर्मचारियों द्वारा बेरहमी से की गई मारपीट का गंभीर नोटिस लिया है। उन्होंने खन्ना पुलिस को नगर कौंसिल के दोषी कर्मचारियों की पहचान के उपरांत उनके विरुद्ध पर्चा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा है।
जत्थेदार गड़गज्ज ने सख्ती से कहा कि अगर 24 घंटों में दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई न की गई तो वह पीड़ित सिख नौजवान परिवार के साथ मुलाकात कर अगली कार्रवाई के लिए खुद उनका साथ देने पहुंचेंगे। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि यदि एक सेवानिवृत्त फौजी के साथ स्थानीय नगर प्रशासन इस तरह धक्का कर रहा है तो इससे आम पंजाबी लोगों के साथ किए जा रहे धक्के का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्होंने खन्ना के एस.एस.पी. व माछीवाड़ा साहिब के नगर कौंसिल प्रधान के साथ खुद बात कर दोषियों विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए कहा है।
