अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा : उप-राज्यपाल
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 11:29 AM (IST)
श्रीनगर/जम्मू (कमल): उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को श्रीनगर के पंथा चौक स्थित श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के यात्री निवास का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और वहां चल रहे निर्माण कार्यों तथा तीर्थ यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
यात्री निवास के निरीक्षण के दौरान एल.जी. सिन्हा ने यात्रा से पहले तैयार किए जा रहे बुनियादी ढांचे, आवासीय सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी लंबित कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
इससे पहले अधिकारियों ने एल.जी. को यात्री निवास में चल रहे विकास कामों और तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान यात्रा मार्ग, ठहरने की व्यवस्था, स्वच्छता, बिजली-पानी और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े इंतजामों पर भी चर्चा की गई।
