खराब मौसम व श्रद्धालुओं की घटती संख्या के बीच जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 08:11 AM (IST)

जम्मू (सतीश): जम्मू-कश्मीर में लगातार बिगड़ते मौसम और अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना के बीच श्री अमरनाथ यात्रा को जम्मू से शनिवार को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया। प्रशासन ने मौसम की स्थिति, संभावित भूस्खलन और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की आमद में भी कमी दर्ज की गई है।

अधिकारियों के अनुसार शनिवार सुबह भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं के नए जत्थे को कश्मीर घाटी की ओर रवाना नहीं किया गया। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मौसम व राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे यात्रा संचालन के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। 

मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, जम्मू संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 11 अगस्त तक अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई है। इसी बीच, इस वर्ष अब तक 4.75 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में दर्शन कर चुके हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News