Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा फिर शुरू, जम्मू से बालटाल के लिए 3,886 श्रद्धालु रवाना
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 07:03 AM (IST)
जम्मू (कमल): जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने के बाद बाबा अमरनाथ यात्रा जम्मू से बहाल हो गई है। रविवार सुबह 3,886 श्रद्धालुओं का 25वां जत्था भगवती नगर आधार शिविर से बालटाल के लिए रवाना हुआ।
जम्मू से बालटाल की ओर भेजे गए तीर्थयात्रियों के जत्थे में 3098 पुरुष, 673 महिलाएं, 05 बच्चे, 87 साधु, 22 साध्वियां और 1 बालक साधु शामिल था और जत्थे को सुबह 2.52 बजे 177 वाहनों के काफिले में रवाना किया गया।
लगातार बारिश के चलते रामबन के बनिहाल तक कई स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन हुआ था जिसके कारण शनिवार को जम्मू से यात्रा स्थगित कर दी गई थी। पहलगाम मार्ग से बाबा अमरनाथ यात्रा फिलहाल बंद है। मार्ग की मरम्मत की जा रही है। वहीं इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू हुई 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक 4.55 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं जबकि जम्मू से अब तक 1,39,692 तीर्थयात्रियों को दक्षिण कश्मीर की ओर रवाना किया गया है। यात्रा 28 अगस्त को सम्पन्न होगी।
