शादी से 3 दिन पहले प्रेमिका को दी खौफनाक मौत, फिर खुद की भी ले ली जान...एकतरफा प्यार में पागल प्रेमी ने उठाया खौफनाक कदम

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 10:27 PM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के कोतवाली जानसठ क्षेत्र के गांव भलवा में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने शादी से सिर्फ तीन दिन पहले घर में घुसकर अपनी प्रेमिका की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसी हथियार से उसने अपना गला काट लिया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस खूनी वारदात से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

8 फरवरी को होनी थी प्रगति की शादी

जानकारी के अनुसार, गांव भलवा निवासी विजयपाल की 27 वर्षीय बेटी प्रगति की शादी 8 फरवरी को तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्तेदार आ चुके थे, रस्में चल रही थीं और पूरा परिवार खुशियों में डूबा था। इसी बीच, पड़ोस में रहने वाला युवक रोहित अचानक प्रगति के घर में घुस आया। घर के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही उसने धारदार हथियार से प्रगति पर हमला कर दिया और बेरहमी से उसका गला रेत दिया।

प्रगति की मौत, फिर आरोपी ने भी जान दे दी

इस हमले में प्रगति गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के तुरंत बाद रोहित ने उसी हथियार से अपने गले पर वार कर लिया, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए गए। सुरक्षा के लिहाज से गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे प्रेम प्रसंग और बदले की भावना से जुड़ा मामला मान रही है।

दोनों गुरुग्राम में साथ करते थे नौकरी

ग्रामीणों के मुताबिक, प्रगति और रोहित के बीच पिछले 2-3 साल से प्रेम संबंध थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों गुरुग्राम में एक ही जगह नौकरी करते थे। बाद में प्रगति की शादी कहीं और तय हो गई थी। दोनों एक ही समुदाय से थे और उनके घर आमने-सामने स्थित हैं। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

खुशी का घर मातम में बदला

जिस घर से तीन दिन बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां अब अर्थी उठने वाली है। इस घटना ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी ने पूरी योजना बनाकर यह हमला किया ताकि शादी रुक सके। फिलहाल पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले क्या हुआ था और क्या किसी ने रोहित को रोकने की कोशिश की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News