फर्जी पहचान, लव मैरिज और धर्मांतरण की साजिश... ''लव जिहाद'' केस में पीड़िता ने किए सनसनीखेज खुलासे

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 11:19 PM (IST)

नेशनल डेस्कः झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में सामने आया एक प्रेम संबंध का मामला अब गंभीर आरोपों में बदल गया है। एक युवती ने राधानगर क्षेत्र के एक युवक पर पहचान छिपाकर शादी करने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राधानगर थाना क्षेत्र के पहाड़ गांव निवासी जैनुल शेख के बेटे शाहिद अनवर को गिरफ्तार किया। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

 पहचान छिपाकर प्रेम और शादी का आरोप

पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर उससे प्रेम संबंध बनाया,बाद में मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। कुछ समय बाद उसने अपनी असली पहचान बताई। इसके बाद आरोपी ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

धर्म परिवर्तन के लिए दबाव और प्रताड़ना

युवती ने आरोप लगाया कि उसे मौलवी के पास ले जाकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की गई। बुर्का पहनने, रोजा रखने और नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया। साथ ही विरोध करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

दिल्ली ले जाकर कराई शादी

मामले में यह भी सामने आया कि आरोपी ने खुद को “टोनी” नाम से परिचित कराया, युवती को दिल्ली ले जाकर आर्य समाज मंदिर में शादी की। वहीं युवती के परिवार ने पहले ही इस रिश्ते का विरोध किया था और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

घर से ले जाने की कोशिश

पीड़िता के मुताबिक 16 मार्च 2026 को वह किसी तरह अपने घर लौटी। 17 मार्च की शाम आरोपी उसके घर पहुंचा और उसने उसकी मां के साथ धक्का-मुक्की की और युवती को जबरन ले जाने की कोशिश की।

जान से मारने की धमकी का आरोप

युवती ने यह भी कहा कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया।

पुलिस का बयान

राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार दोनों पहले भी प्रेम प्रसंग में दो बार घर से भाग चुके थे। एक मामले में युवती ने अदालत में आरोपी के साथ रहने की बात भी कही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News