यूक्रेन में फंसे हैं 103 निवासी, विदेश मंत्रालय ने भेजी सूची,दिल्ली हवाई अड्डे पर की हैल्प डेस्क की स्थापना
punjabkesari.in Tuesday, Mar 01, 2022 - 01:34 AM (IST)

चंडीगढ़,(राजिंद्र शर्मा): विदेश मंत्रालय ने चंडीगढ़ प्रशासन को 103 निवासियों की सूची भेजी है, जो यूक्रेन में फंसे हैं। प्रशासन ने दिल्ली हवाई अड्डे पर एक हैल्प डेस्क की भी स्थापना की है। साथ ही दिल्ली पहुंचने के बाद शहर के लिए परिवहन की व्यवस्था भी प्रशासन करेगा।
प्रशासन पहले से ही यूक्रेन में फंसे चंडीगढ़ के छात्रों और अन्य व्यक्तियों की जानकारी एकत्र करने के लिए हैल्प लाइन नम्बर 112 का उपयोग कर रहा है, ताकि ऐसे व्यक्तियों की जानकारी विदेश मंत्रालय को भेजी जा सके। हैल्प लाइन नम्बर पर प्राप्त जानकारियों को विदेश मंत्रालय को भेजा जा रहा है, जो यूक्रेन और आसपास के देशों में दूतावास के साथ साझा किया जा रहा है। मंत्रालय की तरफ से भेजी गई सूची में शामिल लोगों के माता-पिता से टेलीफोन पर संपर्क किया जा रहा है और ई-मेल भी भेज दिया गया है।
चंडीगढ़ के कुछ छात्र और व्यक्ति भी यूक्रेन से लौटे हैं। इसके अलावा प्रशासन व्यक्तियों के भारत आने पर परिवहन व्यवस्था भी करेगा। भारत सरकार ने यूक्रेन में फंसे भारतीय को निकालने के लिए ‘ऑपरेशन गंगा’ शुरू किया है।
विदेश मंत्रालय ने 1800118797 (टोल फ्री), +911123012113, +911123014104, + 91 1123017905, +91 1123088124 (फैक्स) नंबरों पर हैल्प डेस्क भी स्थापित किया है। साथ हीsituationroom@mea.gov.in पर ई-मेल भी किया जा सकता है।