आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व विधायक कुशलदीप ढिल्लों गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, May 16, 2023 - 08:08 PM (IST)

चंडीगढ़,(रमनजीत): पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान मंगलवार को फरीदकोट के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों को आय के ज्ञात स्त्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
विजीलैंस प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त विधायक के साथ सह-आरोपी गुरसेवक सिंह निवासी गांव नानकसर जिला फरीदकोट और राजविंद्र सिंह निवासी गांव धन्ना शहीद जिला फिरोजपुर के खिलाफ जांच के बाद भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि उनकी सभी चल और अचल संपत्तियों का आंकलन करने के लिए ब्यूरो द्वारा 1 अप्रैल 2017 से 31 मार्च 2022 तक 5 साल के लिए एक चैकिंग अवधि निर्धारित की गई है। जांच के दौरान यह पाया गया कि उसने अपनी सारी आय से कहीं अधिक संपत्ति बनाई थी और गांव मूमरा तहसील सादिक फरीदकोट में अन्य व्यक्तियों के नाम पर संपत्ति खरीदी। यह भी पाया गया कि उसने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों की तुलना में लगभग 245 प्रतिशत खर्च किया था।
प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1), 13(2) और आई.पी.सी. की 120-बी के तहत विजीलैंस थाना फिरोजपुर रेंज में मामला दर्ज किया गया है। उक्त पूर्व विधायक को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है और बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच जारी है।