महिला सफाई कर्मी से छेड़छाड़, हरियाणा पुलिस का सब-इंस्पैक्टर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Aug 22, 2019 - 08:51 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : हरियाणा पुलिस के सब इंस्पैक्टर ने हैल्थ डिपार्टमैंट में कार्यरत महिला सफाई कर्मी को बुधवार को सैक्टर-23 स्थित घर में बुलाकर शारीरिक छेड़छाड़ कर दी। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। महिला कर्मी से छेड़छाड़ पर सफाई कर्मचारी यूनियन के सैंकड़ों कर्मी सैक्टर-22 पुलिस चौकी पहुंचे व आरोपी एस.आई. के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। 

सैक्टर-17 थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर हरियाणा पुलिस के सब इंस्पैक्टर सुखविंदर के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। आरोपी सब इंस्पैक्टर सैक्टर-5 पुलिस स्टेशन में तैनात है। सैक्टर-17 थाना पुलिस ने आरोपी एस.आई. को जिला अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने आरोपी एस.आई. को 50 हजार के बेल बॉन्ड पर जमानत दे दी।

सफाई के लिए बुलाया और करने लगा छेड़छाड़ :
सैक्टर-25 निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि वह हैल्थ डिपार्टमैंट में सफाई कर्मी है और उसकी ड्यूटी सैक्टर-23 में सड़कों पर सफाई करने की है। दो माह पहले पंचकूला में तैनात सब इंस्पैक्टर सुखविंद सिंह उसके पास आया और अपने घर में सफाई करने को कहने लगा। 

वह सुखविंदर के कहने पर उसके घर में सफाई करने चली गई। महिला ने आरोप लगाया कि एस.आई. उसे मंदिर वाले कमरे में ले गया और उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद वह उससे छेड़छाड़ करने लगा। महिला सफाईकर्मी ने एस.आई. को धक्का दिया और घर से बाहर आकर सफाई करने लगी। इस दौरान एस.आई. उस पर गलत नजर रखने लगा। 

पत्नी को बताई करतूत तो दोनों ने की गाली-गलौच :
मंगलवार को महिला सफाई कर्मी ने एस.आई. की पत्नी को उसकी करतूत बताई। एस.आई. की पत्नी ने अपने पति को समझाने के लिए कहा और उसे बुधवार सुबह घर पर आने को कहा। एस.आई. की पत्नी ने कहा कि आमने-सामने बैठाकर बातचीत की जाएगी। बुधवार सुबह वह सड़क पर सफाई कर रही थी। 

इस दौरान महिला सफाई कर्मी ने एस.आई. की पत्नी को घर से बाहर बुलाया तो एस.आई. की पत्नी गाली गलौच करने लगी। उन्होंने उसे  अपशब्द कहने शुरू कर दिए। इतने में महिला का पति एस.आई. भी बाहर आया। उसने भी उससे गाली गलौज शुरू कर दी। सफाई कर्मी ने तुरंत मामले की जानकारी सफाई कर्मी यूनियन को दी। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।

मेयर भी पहुंचे प्रदर्शन में :
सब इंस्पैक्टर द्वारा सफाई कर्मी महिला से छेड़छाड़ होने की जानकारी मिलते ही सफाई कर्मी यूनियन के सदस्य सैक्टर 22 पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने आरोपी के  खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने को लेकर नारेबाजी की। 

PunjabKesari

सफाई कर्मचारियों के साथ मेयर राजेश कालिया, यूनियन प्रधान कृष्ण कुमार चढ्ढा, जनरल सैक्रेटरी ओमपाल व अन्य लोग मौजूद रहे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार उसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।

एस.आई. बोला, पत्नी से हुआ झगड़ा तो लगाए आरोप :
एस.आई. सुखविंदर का कहना है कि उसने कोई ऐसी हरकत नहीं की। महिला सफाई कर्मचारी से उसकी पत्नी के साथ घर के बाहर कूड़ा फैंकने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके चलते महिला सफाईकर्मी ने उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News