जमानत पर छूटा व साथियों संग शुरू की हैरोइन तस्करी

punjabkesari.in Monday, Nov 05, 2018 - 08:28 AM (IST)

मोहाली (कुलदीप): स्पैशल टॉस्क फोर्स (एस.टी.एफ.) ने दो पंजाबी और एक हरियाणवी को हैरोइन समेत गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों अवतार सिंह उर्फ जगतार सिंह जग्गा, मेजर सिंह और अंकुश गाबा से कुल 200 ग्राम हैरोईन बरामद की गई है। 

एस.पी. राजिन्द्र सिंह सोहल ने बताया कि एस.टी.एफ. को सूचना थी कि जिला मोहाली के ब्लॉक माजरी अधीन आते गांव माणकपुर शरीफ निवासी अवतार सिंह उर्फ जगतार सिंह जग्गा, गांव राणीमाजरा निवासी मेजर सिंह व पंचकूला के सैक्टर-10 (मूल रूप निवासी गांव राणियां, जिला सिरसा, हरियाणा) का निवासी अंकुश गाबा मिलकर नशा तस्करी करते हैं और तीनों एसेंट कार में अपने पक्के ग्राहकों को हैरोईन की सप्लाई देने के लिए मोहाली में घूम रहे हैं। ए.एस.आई. अवतार सिंह की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने पी.टी.एल. चौक फेज-5 के नजदीक सफेद रंग की पंजाब नंबर की कार को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें सवार तीनों आरोपियों से हैरोईन बरामद हुई।

 जग्गा को सुनाई थी 10 साल सजा
एस.टी.एफ. के एस.एच.ओ. राम दर्शन शर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपी जग्गा के खिलाफ पहले भी कुराली पुलिस स्टेशन में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज था। उस केस में उसे कोर्ट ने 10 वर्ष सजा सुनाई थी, जिस दौरान उसे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। जमानत पर आने के बाद जग्गा ने फिर से नशा तस्करी शुरू कर दी थी। उससे 70 ग्राम हैरोईन बरामद हुई।

पंचकूला से हैरोईन लाकर बेचता था मेजर, खुद भी करता था नशा
आरोपी मेजर सिंह से पूछताछ में पता चला कि वह पिछले 5-6 महीने से हैरोईन का नशा करने का आदी हो गया था। वह पंचकूला निवासी अंकुश गाबा से हैरोईन लाकर खुद भी नशा करता था तथा अपने पक्के ग्राहकों को भी बेच देता था। उसके कब्जे में से 50 ग्राम हैरोईन बरामद की गई।

पंचकूला में पी.जी. चलाता है आरोपी अंकुश गाबा
तीसरे आरोपी हरियाणवी अंकुश गाबा से पूछताछ में पता चला कि वह पंचकूला में मकान किराये पर ले कर पी.जी. चला रहा है। वह भी नशा करने का आदी है तथा वह दिल्ली निवासी अपने एक नाईजीरियन दोस्त फरैंक से कम दाम पर हैरोईन लाकर इधर महंगे दाम पर बेच देता है। वह पिछले 6 महीने से हैरोईन तस्करी का धंधा लगातार करता आ रहा है।

एस.टी.एफ. थाने में केस दर्ज
तीनों आरोपियों के खिलाफ एस.टी.एफ. पुलिस स्टेशन फेज-4 मोहाली में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं 21, 29, 61, 85 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को उन्हें ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा तथा रिमांड हासिल करके उनसे और पूछताछ की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Recommended News

Related News