रेप पीड़िता ने गैंगस्टर हैरी चीमा के परिवार से बताया खतरा, मांगी सुरक्षा

punjabkesari.in Monday, Dec 24, 2018 - 10:04 AM (IST)

चंडीगढ़(संदीप): गैंगस्टर हरजोत सिंह चीमा उर्फ हैरी चीमा पर रेप के आरोप लगाने वाली युवती ने हैरी के भाई और परिवार से खुद को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता के अनुसार आरोपी का भाई भी गैंगस्टर है। ऐसे में हैरी की मौत के बाद उसके भाई और परिवार से उसे खतरा है। पीड़िता के अनुसार परिवार हैरी की मौत का कारण उसे मानता है। 

ऐसे में परिवार बदले की भावना से उसके साथ किसी भी तरह की अप्रिय वारदात को अंजाम दे सकता है। पीड़िता ने इंडस्ट्रीयल एरिया थाना प्रभारी पर आरोप लगाया कि हैरी की मौत के बाद वह थाना पुलिस के पास सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंची लेकिन थाना प्रभारी ने उसकी गुहार को संजीदगी से नहीं लिया और उसे कहा कि वह अपनी सुरक्षा खुद करे, अंडरग्राऊंड हो जाए। रविवार को चंडीगढ़ में प्रैस कॉन्फ्रैंस में पीड़िता ने यह बात कही।

2 साल पहले जालंधर में हुई थी हैरी से मुलाकात, अपना नाम बताया था राजबीर  
पीड़िता ने बताया कि करीब 2 साल पहले उसकी मुलाकात हैरी से जालंधर में हुई थी, उस समय उसने अपना नाम उसे राजबीर उर्फ बीरू बताया था। इसके बाद से वह आरोपी को राजबीर के नाम से ही जानती थी। 14 दिसम्बर को वह अपनी कुछ सहेलियों के साथ एलांते मॉल स्थित डिस्को में पहुंची थी। इस समय हैरी अपने भाई लाली और एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पार्टी में पहुंचा था। यहां पर हैरी ने उसे पहचान लिया और उसे याद दिलाया कि वह राजबीर है। इसके बाद पार्टी में वे कुछ समय तक साथ रहे थे। पार्टी में हैरी ने खूब पैसे भी लुटाए थे। शनिवार को हैरी ने उसके मोबाइल पर कई फोन किए। हैरी ने उसे कहा कि आज उसके दोस्त की पार्टी है और वह उसे साथ ले जाना चाहता है। पहले उसने इंकार कर दिया लेकिन बार-बार फोन किए जाने पर वह उसके साथ पार्टी में जाने को तैयार हो गई। 

PunjabKesari

अढ़ाई घंटे तक कार में घुमाता रहा 
शनिवार रात करीब 9:30 बजे हैरी ने उसे ट्रिब्यून चौक से अपने साथ अपनी कार में बैठा लिया। जिसके बाद वह उसे करीबन 2 से अढ़ाई घंटे तक अपने साथ घुमाता रहा। इसके बाद हैरी ने उसे कहा कि उसे रात के समय यहां रूकने के लिए रूम का भी इंतजाम करना है यह बात बोलते हुए वह उसे अपने साथ होटल लैमन ट्री में ले गया। पार्किंग में जाने के बाद उसने सामान उठाने में मदद करने का बहाना किया और उसे रूम तक अपने साथ ले गया। होटल में एंट्री के लिए आई.डी. प्रूफ जरूरी होने की बात कहते हुए हैरी ने उससे उसका आई.डी. प्रूफ भी मांगा और होटल में रूम बुक करवा लिया। सामान लेकर जैसे ही वह हैरी के साथ रूम में गई तो इसी समय उसने अंदर से रूम बंद कर लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए उसे धमकी देकर जबरन उसके साथ दुराचार किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Related News