राष्ट्रपति आज चंडीगढ़ में, रॉक गार्डन की विजिट कैंसल

punjabkesari.in Tuesday, Feb 27, 2018 - 10:51 AM (IST)

चंडीगढ़ (विजय) : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मंगलवार को चंडीगढ़ में होंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद वह पहली बार चंडीगढ़ आ रहे हैं। कोविंद की आवभगत के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वी.वी.आई.पी. विजिट में कोई कसर न छूट जाए, इसके लिए सोमवार को भी प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग्स का दौर जारी रहा। 

 

हालांकि राष्ट्रपति की विजिट में सोमवार को थोड़ा फेरबदल कर दिया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार अब राष्ट्रपति के दौरे से रॉक गार्डन की विजिट को हटा दिया गया है। अब राष्ट्रपति रॉक गार्डन नहीं जाएंगे। सूत्रों के अनुसार सुरक्षा कारणों की वजह से प्रशासन को यह फैसला लेना पड़ा है। 

 

हालांकि प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। अब कोविंद केवल एम.सी.एम. डी.ए.वी. कॉलेज में ही जाएंगे। इस ईवेंट में भाग लेने के लिए कोविंद 27 फरवरी को चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। एम.सी.एम. कॉलेज में 28 फरवरी को गोल्डन जुबली समारोह होगा। उनके साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद भी होंगी।

 

एम.सी.एम. कॉलेज के गोल्डन जुबली समारोह में लेंगे हिस्सा
दोपहर 3.30 बजे पहुंचेंगे राष्ट्रपति

जिस संभावित शैड्यूल की जानकारी मिली है, उसके अनुसार कोविंद दिल्ली से लगभग 2.45 बजे रवाना होंगे। चंडीगढ़ के टैक्नीकल एयरपोर्ट पर उनकी फ्लाइट लगभग 3.30 बजे लैंड करेगी। यहां से वह पंजाब राज भवन की ओर रवाना होंगे। पंजाब राज भवन में कोविंद 27 फरवरी की रात गुजारेंगे। 

 

28 फरवरी की सुबह कोविंद एम.सी.एम. कॉलेज के लिए रवाना हो जाएंगे। इससे पहले कुछ विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में वह ब्रेकफास्ट करेंगे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद राष्ट्रपति एयरपोर्ट की ओर रवाना होंगे, जहां से उन्हें वापस दिल्ली जाना है। 

 

3000 पुलिसकर्मियों पर सुरक्षा का जिम्मा
राष्ट्रपति के आने से पहले ही सुरक्षा एजैंसियां मुस्तैद हो चुकी हैं। इस विजिट के लिए लगभग 3000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। पैरामिलिट्री फोर्स भी सभी जगह दिखेगी। कोविंद बिहार के राज्यपाल रहते हुए भी पंजाब यूनिवर्सिटी में एक समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। यही नहीं, पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव से पहले वह पंजाब और हरियाणा के विधायकों व सांसदों से मिलने पंचकूला आए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News