निर्भया फंड खर्चने में चंडीगढ़ काफी पीछे

punjabkesari.in Monday, Dec 02, 2019 - 09:35 AM (IST)

चंडीगढ़(राजिंद्र) : हैदराबाद में महिला डॉक्टर से बलात्कार की घटना से देशभर में आक्रोश है, वहीं महिला सुरक्षा को लेकर भी शहर में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। इसका अंदाजा यहीं से लगाया जा सकता है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित ‘निर्भया फंड’ के पैसे खर्च करने में चंडीगढ़ काफी पीछे है। 

इसको लेकर अब प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर से शिकायत की गई है। वकील अजय जग्गा की तरफ से ये शिकायत की गई है, जिसकी एक कॉपी सलाहकार मनोज परिदा को भी भेजी गई है। उन्होंने निर्भया फंड का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा, इसको लेकर एक रिपोर्ट मांगने की सिफारिश की है।

यहां खर्च करना होता है फंड :
निर्भया फंड केंद्र सरकार द्वारा जारी किया गया है। जिन प्रमुख योजनाओं के तहत धन आवंटित किया गया है, उनमें इमरजैंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम, सैंट्रल विक्टिम कॉम्पेंसेशन फंड, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ साइबर अपराध रोकथाम, वन स्टॉप स्कीम, महिला पुलिस वालंटियर और महिला हैल्पलाइन योजना आदि शामिल है।

पंजाब-हरियाणा ने भी कम ही खर्च किए :
शिकायत में बताया गया कि लोकसभा में एक सवाल के जवाब में सरकार द्वारा पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार चंडीगढ़ को महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम करने के लिए 7.46 करोड़ दिए गए हैं, जिसमें से अभी चंडीगढ़ 2.60 करोड़ रुपए ही खर्च कर पाया है। 

हालांकि 2.60 करोड़ रुपए कहां-कहां खर्च किए गए हैं, इसकी जानकारी नहीं दी गई। उधर, पंजाब को निर्भया फंड में 20.47 करोड़ रुपए मिले, जिसमें से अभी तक 3 करोड़ ही खर्च हुए हैं। हरियाणा को निर्भया फंड में 16.71 करोड़ रुपए मिले। हरियाणा भी इस फंड का 6.06 करोड़ ही खर्च कर पाया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News