धनास के 8448 फ्लैट्स में नैशनल बिल्डिंग कोड की गाइडलाइंस का खुलेआम उल्लंघन

punjabkesari.in Monday, Feb 24, 2020 - 02:42 PM (IST)

चंडीगढ़(साजन) : हाऊसिंग बोर्ड ने धनास के जो 8448 फ्लैट्स बनाए हैं, वहां अभी तक प्रशासन केंद्र की ओर से जारी नैशनल बिल्डिंग कोड गाइडलाइंस को फॉलो नहीं कर रहा। यहां सरेआम गाइडलाइंस का उल्लंघन हो रहा है। प्रशासनिक लापरवाही की वजह से धनास में अब तक राऊंड दी क्लॉक फायर टैंडर सिस्टम का इंतजाम नहीं किया गया है। 

सैक्टर-32 की तरह यहां भी फ्लैटों में कभी भी कोई आग लगने की घटना हो सकती है लेकिन प्रशासन लोगों के कहने और सारी स्थिति जानकारी में होने के बावजूद यहां फायर ब्रिगेड का इंतजाम नहीं कर रहा। धनास के फ्लैटों के रहने वालों ने कई बार निगम और चीफ फायर आफिसर को पत्र लिख लेकिन फायर टैंडरों की कमी का हवाला देकर उनकी मांग को टाल दिया जाता है। 

फायर टैंडर तैनात करने की मांग पूरी करना संभव नहीं :
फायर विभाग के अधिकारियों की ओर से कहा जा रहा है कि पहले ही शहर में फायर टैंडरों की कमी है लिहाजा अभी धनास में अलग से 24 घंटे तक फायर टैंडर तैनात करने की मांग पूरी करना संभव नहीं है। अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि धनास रीहेबीलीटेशन फ्लैट्स का अधिकार क्षेत्र सैक्टर-11 के फायर स्टेशन से लगता है लेकिन सैक्टर-38 फायर स्टेशन भी यहां से पास पड़ता है। यहां से फायर ब्रिगेड का रिस्पांस टाइम महज 4 से 5 मिनट का है। 

किसी विपरीत परिस्थितियों में मौके पर तुरंत फायर टैंडर पहुंच सकते हैं। स्टेशन फायर अफसर की ओर से लोगों को जवाब मांगने पर आफिस के 11 मार्च 2019 के एक मीमो का हवाला देते हुए कहा गया है कि नैशनल बिल्डिंग कोड ऑफ इंडिया के अनुसार फायर फाइटिंग एंड सेफ्टी अरेंजमैंट किए गए हैं। यहां बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इन फ्लैटों का निर्माण किया गया था।

आज से कसेगा अवैध पी.जी. पर शिकंजा :
सैक्टर-32 के पी.जी. में आगजनी की दुर्घटना और इससे हुए जानमाल के नुक्सान के बाद शहर में चल रहे अवैध पी.जी. को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन सोमवार से और सख्ती करने जा रहा है। प्रशासन ने जहां पहले ही 100 पी.जी. मालिकों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा हुआ है वहीं अब इन पर कार्रवाई की तैयारी है। 

बताया जा रहा है कि जिन पी.जी. मालिकों को बिना रजिस्ट्रेशन पी.जी. चलाने का आरोपी पाया गया उनके खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की जाएगी और इन पी.जी. को सील किया जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि सैंट्रल, साऊथ और ईस्ट के क्षेत्रों में ज्यादा पी.जी. पनप रहे हैं।

सभी एस.डी.एम. को अपने इलाका क्षेत्र में पी.जी. की चैकिंग करने को कहा गया है और खासतौर से अवैध पी.जी. पर शिकंजा कसने का आदेश डी.सी. मनदीप सिंह बराड़ की ओर से दिया गया है। जिनकी रजिस्ट्रेशन भी हो रखी है लेकिन फायर सेफ्टी नॉम्र्स को पूरा नहीं किया, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News