सरपंच सतनाम मर्डर केस : SHO को आरोपियों की लोकेशन बताने के बाद भी नहीं किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, May 02, 2017 - 09:51 AM (IST)

चंडीगढ (राणा) : सैक्टर-38 वेस्ट गुरुद्वारा साहिब के बाहर सरपंच सतनाम की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सतनाम के भाई ने प्रभजोत ने चंडीगढ़ पुलिस पर आरोप जड़ा है कि पुलिस खुद तो आरोपियों को पकडऩे की जहमत नहीं उठा रही है और जब वह आरोपियों की लोकेशन पुलिस को फोन कर बता रहा है तो उसके बावजूद भी पुलिस उन्हें पकडऩे तक नहीं पहुंची। प्रभजोत ने कहा कि वह जब भी केस का स्टेटस जानने के लिए एस.एच.ओ. रामरतन को फोन करता था वह उसका फोन ही नहीं उठाता। कुछ दिन पहले उसने एस.एच.ओ. को फोन कर कहा था कि उनके पास ही एक गांव है दसुआ जहां पर चरनजीत उर्फ चन्नी जिसका नाम उसके भाई की हत्या में भी शामिल है वह खुलेआम हथियार लेकर घूम रहा था। 

 

उसके बाद उसने दो दिन पहले फिर एस.एच.ओ. को फोन किया और कहा कि चरनजीत अपने बेटे बाबी के साथ खुलेआम घूम रहा है, लेकिन उसके बाद भी इन्हें पकडऩे के लिए चंडीगढ़ पुलिस को कोई भी टीम नहीं पहुंची। पुलिस ने सतनाम केस में दो आरोपी तीर्थ व अर्शदीप को गिरफ्तार कर उनका 4 दिन का पुलिस रिमांड लिया था। रिमांड लेते समय सीनियर अफसरों का दावा था कि वह इनकी निशानदेही पर जल्द फरार चल रहे अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे, लेकिन रिमांड खत्म होने के बाद वह दोनों जेल भी जा चुके हैं और पुलिस के हाथ अब तक आरोपियों में से एक का भी सुराग नहीं लग पाया है। 


 

खुद की लोकेशन टे्रस
प्रभजोत ने आरोप लगाया कि उसे लगता है कि चंडीगढ़ पुलिस ने एफ.आई.आर. में दर्ज किसी भी आरोपी का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर नहीं लगाया, अगर लगाया होता तो पुलिस को उनकी लोकेशन का पता चल जाता कि वह कहां पर है, क्योंकि चरनजीत का मोबाइल नंबर अब भी चल रहा है उसने अपने किसी जानकार की मदद से उसका नंबर टै्रस करवाया तो उसे पता चला कि वह जालंधर में है जिसके बाद उसने खुद जांच की तो सच में चरनजीत अपने बेटे के साथ था। उसके बाद उसने उसी समय चंडीगढ़ पुलिस के एस.एच.ओ. रामरतन को फोन कर सूचना दी। जिस पर उन्होंने कहा कि वह जल्द उन्हें पकड़ लेंगे। 

 

एस.एच.ओ. से बात करूंगा: डी.एस.पी.
इस बारे में एस.एच.ओ. रामरतन से कई बार उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करना चाहा लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। वहीं जब एरिया डी.एस.पी. दीपक यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे तो खुद आरोपियों के बारे में लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। अगर एस.एच.ओ. को सतनाम के भाई ने आरोपियों के बारे में बताया है तो वह एस.एच.ओ. से बात करेंगे और प्रभजोत से भी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News