मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया 93.29 करोड़ की 9 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

Thursday, Aug 22, 2019 - 12:18 PM (IST)

पंचकूला(मुकेश) : मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने बुधवार को रैड बिशप पंचकूला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पंचकूला जिला की 93.29 करोड़ रुपए की 9 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक साइकिल शेयरिंग प्रणाली का भी उद्घाटन किया। इस कार्य पर निगम ने 2.09 करोड़ की राशि खर्च की है।  

वहीं मुख्यमंत्री ने सैक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 13.44 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित संस्थागत खेल परिसर भवन का उद्घाटन किया। भवन का निर्माण 5330.50 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया है। भवन में लिफ्ट, सम्मेलन कक्ष, लाइब्रेरी तथा कैंटीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। 

उन्होंने महानिदेशक कारागार मुख्यालय के विस्तार भवन का उद्घाटन किया। भवन पर 304.28 लाख की राशि खर्च की है। इसके साथ मुख्यमंत्री ने जसवंतगढ़ संपर्क सड़क के निर्माण कार्य व गुरु गोबिंद सिंह मार्ग से टोका खटौली खंड की सड़क का भी शिलान्यास भी किया। 

नगर निगम भवन निर्माण का शिलान्यास :
मुख्यमंत्री ने नगर निगम पंचकूला के कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह भवन सैक्टर-3 में 2.09 एकड़ क्षेत्र में 4500.43 करोड़ की लागत से बनेगा। इसे बेसमैंट सहित चार मंजिला बनाया जाएगा। 

उन्होंने सैक्टर-21 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए जाने वाले सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सैक्टर-24 में 18 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले भव्य पार्क का शिलान्यास भी किया। इस पार्क के निर्माण पर 8.80 करोड़ खर्च होंगे।

मिल्क चिलिंग सैंटर का शिलान्यास किया :
मुख्यमंत्री ने कालका क्षेत्र के 47 गांवों के दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए मिल्क यूनियन अंबाला द्वारा स्थापित किए जा रहे मिल्क चिलिंग सैंटर के कार्य का शिलान्यास भी किया। निर्माण पर एक करोड़ 80 लाख की राशि खर्च होगी। 

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद :
इस अवसर पर सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर, विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी उमा शंकर, उप अतिरिक्त प्रधान सचिव आसीमा बराड़, शिवालिक विकास बोर्ड के सदस्य श्यामलाल बंसल, भाजपा नेता कुलभूषण गोयल सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। 

Priyanka rana

Advertising