एक बार फिर चमका सिटी ब्यूटीफुल का नाम, तान्या भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल

punjabkesari.in Thursday, Jan 11, 2018 - 08:38 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन) : क्रिकेट जगत में एक बार फिर सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ का नाम चमका है। शहर को गर्व का यह मौका दिलाया है शहर की बेटी तान्या भाटिया ने।

 

बी.सी.सी.आई. ने एक बार फिर तान्या का भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए चयन किया है। तान्या भाटिया चंडीगढ़ की पहली ऐसी क्रिकेटर हैं, जिन्हें भारतीय महिला क्रिकेट टीम में दूसरी बार जगह मिली है। 

 

शानदार विकेटकीपर और बल्लेबाज तान्या भाटिया 2 फरवरी से साऊथ अफ्रीका के साथ होने वाली क्रिकेट सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा होंगी। इस दौरे के दौरान टीम इंडिया 2 फरवरी को वार्म-अप-मैच खेलेगी।

 

5 फरवरी को पहला वन-डे, 7 फरवरी को दूसरा वन-डे और 10 फरवरी को तीसरा वन-डे मैच खेलेगी। पिछले साल दिसम्बर में बांग्लादेश के खिलाफ वन-डे और टी-20 सीरीज में तान्या भाटिया को पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम में जगह मिली थी।

 

पढ़ाई में भी अव्वल :
तान्या के पिता संजय भाटिया व मां सपना भाटिया ने दूसरी बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बेटी का चयन होने पर खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने तान्या को हमेशा खेलते हुए देखा है। बावजूद इसके वह पढ़ाई में भी अव्वल रहती है। तान्या बेहद मजबूत इरादों वाली लड़की है। 

 

7 साल की उम्र से शुरू किया क्रिकेट खेलना :
एम.सी.एम.डी.ए.वी. कालेज-36 में बी.ए. सैकेंड ईयर में पढऩे वाली तान्या भाटिया ने 7 साल की उम्र में ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। डी.ए.वी. स्कूल सैक्टर-8 में तान्या ने क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज और सुखविंदर बाबा से पांच साल क्रिकेट के गुर सीखे।

 

इसके बाद तान्या ने जी.एन.पी.एस.-36 में क्रिकेट खेलना शुरू किया। इस दौरान तान्या ने कई टूर्नामैंटों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खुद की प्रतिभा को साबित किया। फिलहाल, तान्या आर.पी. सिंह और जसवंत राय से क्रिकेट की कोचिंग ले रही हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News