हाईकोर्ट  के निर्देशों के बाद भी, दुकानों के सामने लगे अवैध कब्जे

punjabkesari.in Tuesday, Aug 20, 2019 - 12:13 PM (IST)

चंडीगढ़ (ब्यूरो) : चंडीगढ़ का इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-2 ‘चावड़ी बाजार’ बनता जा रहा है। जगह-जगह भीड़ के कारण यहां दिनभर वाहनों के हॉर्न बजते रहते हैं। अगर कोई पैदल गुजरता है तो फुटपाथ पर रखा दुकानदारों का सामान उनकी राह रोक लेता है। कई जगह तो हालत वन-वे ट्रैफिक जैसी हो गई है यानी 

 

मार्कीट में दाखिल होने वाले को लौटने के लिए दूसरे रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है। यह हालत तब है जबकि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने हाल ही में पूरे चंडीगढ़ से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश जारी किए थे। बावजूद इसके प्रशासनिक अधिकारियों ने कब्जे हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की है। 

 

ताक पर नियम: दुकानों के ऊपर कंपनियों का प्रचार
दुकानदारों ने अपने उत्पादों के प्रचार व बड़ी कंपनियों का प्रचार करने के लिए भी नियमों को ताक पर रख दिया है। इलैक्ट्रिकल मार्की में ही एक दुकान के ऊपर दर्जन भर बोर्ड झूल रहे हैं। शाम ढलते ही यह पूरी मार्कीट विभिन्न कंपनियों के प्रचार से चकाचौंध हो जाती है। 

 

इससे बिजली की खपत भी बढ़ रही है। चंडीगढ़ प्रशासन ने हाल ही में ऐसी प्रचार सामग्री के खिलाफ अभियान भी चलाया था, जिसके तहत सैक्टर-17 में दुकानों के ऊपर लगे बोर्ड हटा दिए गए थे लेकिन इंडस्ट्रीयल एरिया में प्रशासनिक अधिकारियों की मेहरबानी इतनी है कि यहां कोई देखने पूछने वाला नहीं है।

 

चंडीगढ़ की इंडस्ट्रीयल पॉलिसी का भी उल्लंघन
शॉपिंग प्लाजा की शक्ल अख्तियार करता जा रहा यह क्षेत्र सीधे तौर पर चंडीगढ़ इंडस्ट्रीयल पॉलिसी का उल्लंघन है। पॉलिसी के मुताबिक इंडस्ट्रीयल एरिया में औद्योगिक इकाइयों में बनने वाले उत्पादों के डिस्पले को तव्वजो दी गई है। 

 

जगह-जगह दुकानें खोलकर रिटेल शॉपिंग का पॉलिसी में कोई प्रावधान नहीं है। इंडस्ट्रीयल एरिया में विभिन्न सैक्टरों में खुली दुकानों की तर्ज पर धड़ाधड़ दुकानें खुल रही हैं। दुकानों की संख्या बढऩे के कारण ही यहां पार्किंग की समस्या व अवैध कब्जे बढ़ रहे हैं। 

 

कुछ खास प्रोडक्ट वाली दुकानों की संख्या बढऩे के कारण इलाके का नामकरण तक होने लगा है। इलैक्ट्रिकल प्रोडक्ट्स की ऐसी ही दुकानों के कारण एक जगह को अब इलैक्ट्रिकल्स मार्कीट कहा जाने लगा है।

 

रेहड़ी-फड़ी वालों की भरमार
दुकानों की संख्या बढऩे से यहां पर रेहड़ी-फड़ी वालों की संख्या में भी काफी इजाफा हुआ है। इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-2 की लगभग सभी सड़कों के किनारे रेहड़ी फड़ी वालों ने कब्जा जमा रखा है। नतीजा, कई जगहों पर इंडस्ट्रीयल यूनिट में आने वालों को लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News