कंपनी में फर्जी तरीके से महिला के शेयर घटाकर की लाखों की धोखाधड़ी, केस दर्ज

punjabkesari.in Monday, Jan 20, 2020 - 01:17 PM (IST)

पंचकूला(चंदन) : सैक्टर-14 निवासी महिला के कंपनी में 98 प्रतिशत शेयर को फर्जी तरीके से शेयर आबंटन करके केवल 2.45 प्रतिशत कर देने का मामला सामने आया है। इस तरह से महिला से लाखों रुपए की धोखाधड़ी की गई। 

पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सैक्टर-14 निवासी मूर्ति देवी ने सैक्टर-20 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मैसर्ज एंडी सोलर प्रा.लि. सैक्टर-20 पचंकूला के पते पर वर्ष 2011 व फिर इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-2 पचंकूला से रजिस्टर्ड हुई थी। 

यह कंपनी सोलर डिवाइस बनाकर सरकार व प्राइवेट कंपनियों को सप्लाई करती है। इसके डायरैक्टर विकास सिहाग, सुरेंद्र सिंह थे। वर्ष 2012 में कंपनी के 9800 शेयर सुरेंद्र सिंह ने मूर्ति देवी के नाम ट्रासंफर किए थे और डायरैक्टर विकास सिहाग ने अपने शेयर सतवंत सिंह के नाम ट्रासंफर किए थे। 

कंपनी में वर्ष 2011 से वर्ष 2018 तक सतवंत सिंह और विकास सिहाग बतौर डायरैक्टर रहे, जिसकी अथोराइज शेयर वैल्यू एक लाख रुपए थी। इस प्रकार मूर्ति देवी की शेयर वैल्यू 98000 (98 प्रतिशत) और सतंवत सिंह की 2000 (2 प्रतिशत) थी।

कंपनी के 39 लाख रुपए के शेयर बेचे :
25 मार्च, 2014 को 39 लाख रुपए के शेयर बेचे दिखाए गए थे, जिन पर सतवंत सिंह व विकास सिहाग के हस्ताक्षर हैं। इसके अनुसार 39 लाख के शेयर विकास सिहाग ने 5 लाख रुपए, अनिल कुमार ने 5 लाख, सतंवत सिंह ने 9 लाख और अशोक दलाल ने 20 लाख रुपए के खरीदे दिखाए गए जबकि 25 मार्च, 2014 को कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी केवल 1 लाख रुपए थी और बेचे गए शेयरों का कोई भी पैसा कंपनी में नहीं आया और न ही मूर्ति देवी की स्वीकृति दिखाई गई। 

कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी को एक लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपए करने का प्रस्ताव 29 मार्च, 2014 को दिखाया गया है और रजिस्ट्ररार ऑफ कंपनीज पर दस्तावेज भी इस संबंध में 29 मार्च, 2014 का दिखाया गया है। इस पर सतवंत सिहं के हस्ताक्षर हैं जबकि कंपनी की 98 प्रतिशत की मालकिन मूर्ति देवी थी और उसकी कोई स्वीकृति भी नहीं दिखाई गई। 39 लाख रुपए के शेयर नहीं बेचे जा सकते, क्योंकि कंपनी की अथोराइज शेयर कैपीटल बढ़ाने का फैसला भी 29 मार्च, 2014 को दिखाया गया है। सतवंत सिंह ने उन्हें बताया कि वह इस कंपनी के डायरैक्टर पद से मार्च, 2018 से रिजाइन कर चुका है। 

शेयर वापस लेने के लिए केस किया दायर :
मूर्ति देवी ने जुलाई, 2017 में कंपनी के डायरैक्टरों पर कंपनी एक्ट 2013 के तहत शेयर वापस लेने के लिए चंडीगढ़ में केस दायर किया था। मूर्ति देवी कंपनी में अपना 98 प्रतिशत शेयर वापस मांग रही हैं। कंपनी की बैलेंस शीट वर्ष 2012 व 13 में मूर्ति देवी का अनसिक्योर लोन 34,99,700 रुपए दर्शाया गया है। जो बैलेंस शीट वर्ष 2014 में समाप्त दिखाया गया है। इस बारे में भी उन्हें कोई जवाब नहीं दिया गया। 

मूर्ति देवी द्वारा अपना शेयर का पैसा मांगने और केस करने के बाद कंपनी का खाता दिवालिया घोषित करके अन्य बैंकों में शपथपत्र देकर खाते खोल लिए गए हैं। इसमें बताया गया है कि उनकी कंपनी का अन्य किसी बैंक में कोई अन्य खाता नहीं है। अन्य बैंको में भी खाते हैं, जिनमें कंपनी में आने वाला पैसा प्राप्त कर रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News