PGI के सब स्टेशन में लगी आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

punjabkesari.in Friday, May 24, 2019 - 11:02 AM (IST)

चंडीगढ़(पाल) : वीरवार को पी.जी.आई. के नए बने 11 के.वी. के सब स्टेशन में शॉर्ट सर्किट के वजह से आग लग गई। इसके एक घंटे तक पॉवर सप्लाई बंद रही। घटना सुबह 10 बजे हुई, जिसके बाद 11 बजे के करीब सप्लाई शुरू हो सकी। 

पी.जी.आई. रिसर्च ब्लॉक ए और बी के लिए इसे खास तौर से बनाया गया है, जिसका उद्घाटन इसी साल फरवरी में हैल्थ मिनिस्टर ने किया था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि हादसे में किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं है, लेकिन सप्लाई पैनल पूरी तरह खराब हो गया था। इसके कारण पॉवर सप्लाई में रुकावट हो गई थी। रिसर्च ब्लॉक के साथ ही एनिमल हाउस, वर्कशॉप में भी यहीं से पॉवर सप्लाई होती है। 

थोड़ी-सी लापरवाही से खराब हो जाते हैं सैंपल :
रिसर्च ब्लॉक के लिए काफी अरसे से अलग सब स्टेशन की मांग की जा रही थी। यहां रोजाना हजारों की संख्या में सैंपल्स टैस्ट होते हैं ऐसे में इलैक्ट्रिसिटी में थोड़ी सा लापरवाही इन्हें खराब कर सकती है। इसी को देखते हुए 10 लाख रुपए की लागत से इसे बनाया गया है। 

गर्मियों में बढ़ जाती हैं आग लगने की घटनाएं :
गर्मियां आते ही संस्थान में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। अकेले नेहरु ब्लॉक की बात करें तो वहां सबसे ज्यादा ऐसी घटनाएं होती हैं। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह नेहरु अस्पताल का रेनोवेशन न होना है। 

बिल्डिंग इतनी पुरानी हो चुकी है कि आए दिन आग लगने की घटनाएं होती है। आग लगने कारण ही पी.जी.आई. के इनसिनेटर्स बंद पड़े हैं, जिनका रियेपर पिछले कई महीने से किया जा रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News