पंचकूला से 40 साइकिलें उधार लेकर किया पब्लिक बाइक शेयरिंग का डैमो

punjabkesari.in Tuesday, Sep 24, 2019 - 12:10 PM (IST)

चंडीगढ़ (राय): चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड और निगम ने साथ में मिलकर सोमवार को पब्लिक बाइक शेयरिंग का लाइव डैमो किया। शाम 5 बजे तक पेड और 5 बजे के बाद अनपेड चालकों ने डैमो में हिस्सा लिया। सैक्टर-17 के प्लाजा में साइकिल शेयरिंग के डैमो का उदघाटन किया गया। पेड डेमो में 130 और अनपेड में 70 ने साइकिल का इस्तेमाल किया। 

 

इसकी आयोजक कंपनी के मुताबिक कुल 200 लोगों की डैमो में प्रतिभागिता रही। 
आयोजक दावे कर रहे हैं कि डेमो में पब्लिक का रिस्पांस सकारात्मक रहा। डैमो चलाने के लिए चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी से पंचकूला से ही एक दिन के लिए 40 साइकिल मंगवाई थी। 

 

सैक्टर-17 में 12 पिकअप प्वाइंट्स बनाए
डेमो के लिए सैक्टर-17 में 12 पिकअप प्वाइंट्स बनाए गए। यहां पर शहरवासी आकर साइकिल चलाने के लिए ले सकते थे। लोगों को सिर्फ अपना पहचान पत्र ही जमा करवाना था और यह जरूरी नहीं की जहां से साइकिल ली है वहीं पर साइकिल वापस छोडऩी थी। चालक शाम तक किसी भी प्वाइंट में साइकिल छोड़ सकता था लेकिन चालक को जो शुल्क अदा करना था, वह ऑनलाइन ही करना था। 

 

मैनुअल तरीके से शुल्क अदा नहीं किया जा सकता था। अतिरिक्त कमिश्नर अनिल गर्ग और स्मार्ट सिटी के सी.जी.एम. एन.पी. शर्मा ने सैक्टर-17 में साइकिल से दौरा किया। पंचकूला में साइकिल शेयरिंग प्रोजैक्ट लॉन्च हो चुका है। चंडीगढ़ इस मामले में पिछड़ गया है। 


 

आधे घंटे के 5 और एक घंटे के देने होंगे 10 रुपए  
जी.पी.एस. सिस्टम पर आधारित अगर आप आज साइकिल चलाना चाहते हैं तो आपको सिर्फ दस रुपए प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क अदा करना होगा। यहां तक कि आप शाम 7 बजे तक साइकिल अपने पास रखकर पूरा शहर घूम सकते हैं। आधे घंटे के लिए भी आप साइकिल ले सकते हैं। इसके लिए सिर्फ पांच रुपए अदा करने होंगे। डेमो में इसी हिसाब से चार्ज किया गया।


 

क्यू.आर. कोड से खुलेगा लॉक  
वहीं, दावा किया गया है कि 17 किलो 200 ग्राम वजन की इस साइकिल का टायर पंचर नहीं हो सकेगा और क्यू.आर. कोड से इसका लॉक खुल सकेगा। खराब होने पर हैल्फ केयर में कॉल करना होगा, जिसके बाद मौके पर इसके ठीक करने वाला पहुंचेगा। 

 

अमूमन साइकिल टूर्नामैंट में साइकिल चालक प्रतिभागी पूरी किट के साथ हैल्मेट का भी इस्तेमाल करते हैं जबकि साइकिल शेयरिंग जैसे प्रोजैक्ट स्मार्ट सिटी से जुड़े हुए हैं, जिसमें पूरी तरह से पेशेवर रुख की उम्मीद की जाती है। जिस साइकिल का इस्तेमाल डेमो में किया गया, उस पर हैल्मेट की सुविधा नहीं थी। 

 

दो महीने बाद प्रोजैक्ट शुरू होने की उम्मीद
स्मार्ट सिटी लिमिटेड कंपनी के सी.जी.एम. एन.पी. शर्मा के मुताबिक अभी शहरवासियों की रिस्पांस जानने के लिए एक दिन के लिए डेमो को लांच किया गया। शहर में पूरी तरह से साइकिल शेयरिंग सिस्टम लांच करने पर काम चल रहा है। 

 

इस प्रोजैक्ट पर डिटेल चर्चा होने के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी, जिनके मुताबिक इस प्रोजैक्ट के तहत पूरे शहर में 6 हजार स्टेशन बनाए जाएंगे, जहां पर साइकिलें मिलेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रोजैक्ट दो माह बाद पूरे शहर में शुरू हो जाएगा।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja verma

Recommended News

Related News