DC की बैठक में भी नहीं पहुंचे निगम अधिकारी यहां भी दिखी राजनीति, कैसे होगा विकास?

punjabkesari.in Friday, Jun 23, 2017 - 12:44 PM (IST)

पंचकूला(मुकेश) : पंचकूला जिला प्रशासन द्वारा 19 से 23 जून तक आपदा प्रबंधन के तहत बाढ़ सरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत वीरवार को जिला सचिवालय में डी.सी. गौरी पराशर जोशी की अध्यक्षता में मीटिंग बुलाई गई। जिसमें डीसी ने बाढ़ सुरक्षा को लेकर अलग-अलग विभागों द्वारा किए गए प्रबंधों की समीक्षा की गई। 

 

हरियाणा शहरी विकास प्राधीकरण (हुडा) द्वारा शहर के सभी सैक्टरों को नगर निगम को सौंप दिया है। ऐसे में नगर निगम की भूमिका ज्यादा बढ़ जाती है। वीरवार को हुई मीटिंग में जब सैक्टर-19 से सटे पंजाब के एरिया बलटाना में बरसाती नाले में पाइपें डालने की बात आई तो डी.सी. बोली कि मीटिंग में नगर निगम से कौन आया है। इस पर उन्हें जवाब मिला ‘जी कोई नहीं  आया’। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि नगर निगम के अधिकारी शहर की डिवैल्पमैंट को लेकर कितने गंभीर हैं। 

 

मीटिंग के दौरान डी.सी. ने पुलिस की तरफ से मौजूद हुई एक महिला अधिकारी को भी कहा कि घग्गर के आसपास पुलिस की तरफ से भी बोर्ड लगवाए जाएं और नजर रखी जाए। मीटिंग में डी.आर.ओ. कैप्टन विनोद शर्मा, एन.डी.आर.एफ. 7 बटालियन, आर्मी अधिकारी व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। मीटिंग में मौजूद रायपुरानी की बी.डी.पी.ओ. मार्टिना महाजन और बरवाला के बी.डी.पी.ओ. विशाल से डी.सी ने कहा कि आपदा प्रबंधन के तहत अलग अलग क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाडिय़ों में डैमो जरूर करवाए।  

 

घग्गर किनारे बनी अवैध कालोनियों को हटवाया जाए :
मीटिंग में डी.सी. ने अधिकारियों से कहा कि वह नदी के किनारे पर बनी अवैध कालोनियों को हटवा दें और लोगों को इसके बारे में जानकारी दें कि पानी का बहाव किसी भी समय ज्यादा हो सकता है, इसलिए अपने बचाव के लिए वह नदी के नजदीक न जाएं। अतिरिक्त उपायुक्त राजेश जोगपाल ने अधिकारियों से कहा कि वह लोगों को इस बारे में भी जागरुक करें कि इस दौरान वे अपने बच्चों को नदी में नहाने न दें। उन्होंने कहा कि बाढ़ आने से जान व माल को काफी नुक्सान होता है, इसलिए अधिकारी इस बारे में लोगोंं को जागरुक करें। 

 

पंजाब एरिया में बरसाती नाले की जगह डाल दी पाइपें, पानी मारता है बैक फ्लो :
बाढ़ सुरक्षा सप्ताह के तहत वीरवार को हुई मीटिंग में मौजूद अधिकारियों ने डी.सी. को बताया कि सैक्टर-19 स्थित हाऊसिंग बोर्ड और हुडा के मकानों में बरसात के समय पानी इकट्ठा हो जाता है। पंचकूला से होकर गुजरने वाले बरसाती नाले की तो सफाई हो रखी है, लेकिन पंचकूला से सटे पंजाब के एरिया में बरसाती नाले की जगह पर पाइपें डाल दी गई हैं। 

 

इसकी वजह से बरसात के समय पाइपों से पानी गुजरने में वक्त लगता है और पानी बैक होकर सैक्टर-19 में लोगों के घरों में घुस जाता है। साथ ही जब अधिकारियों ने बताया कि सैक्टर-19 नगर निगम के अधीन है। तब डी.सी. ने नगर निगम के अधिकारी के बारे में पूछा, लेकिन मीटिंग में नगर निगम की तरफ से कोई मौजूद ही नहीं था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News