गुरुग्राम में 500 एकड़ में बनेगा जैव विविधता पार्क व झील
punjabkesari.in Thursday, Dec 08, 2022 - 08:07 PM (IST)

चंडीगढ़,(पांडेय): गुरुग्राम जिले के 3 गांवों दमदमा, खेड़ला और अभयपुर में लगभग 420 एकड़ में जैव विविधता पार्क का निर्माण होगा और लगभग 80 एकड़ में दमदमा झील का पुनॢनर्माण किया जाएगा। इस वृह्द परियोजना की शुरूआत हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने की। यह परियोजना गुरुजल, हरियाणा सी.एस.आर. ट्रस्ट तथा ई वाई फाऊंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से विकसित की जाएगी।
इसके लिए मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय राज्य मंत्री की उपस्थिति में उपायुक्त निशांत कुमार यादव, जो गुरुजल के चेयरमैन हैं और हरियाणा राज्य सी.एस.आर. ट्रस्ट के संयुक्त सचिव भी हैं, ने ईवाई फाऊंडेशन के साथ एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। ई वाई फाऊंडेशन की तरफ से संस्था के अध्यक्ष बाला चंद्र राजा रमन ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद उपायुक्त यादव तथा राजा रमन ने दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। इस मौके पर गांव दमदमा में आयोजित कार्यक्रम में जैव विविधता पार्क व दमदमा झील के पुनॢनर्माण की परियोजना के अलावा गुरुजल की पानी संरक्षण के लिए चलाई जा रही गतिविधियों पर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जिसका मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय राज्य मंत्री ने अवलोकन किया।
गांव दमदमा व आसपास के क्षेत्र को पर्यटकों के लिए बनाया जाएगा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस क्षेत्र को पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने के लिए प्रयत्नशील है। इस साल में वे दूसरी बार गांव दमदमा आए हैं। पहले दमदमा में एडवैंचर स्पोर्ट्स का उद्घाटन करने आए थे। अब पर्यावरण और जल संरक्षण के अलावा जैव विविधता की परियोजना का शुभारंभ करने आए हैं। मुख्यमंत्री ने पानी की बचत करने का सभी से आह्वान करते हुए कहा कि हमें उपलब्ध पानी का प्रबंधन करके इसका सदुपयोग करना है, अन्यथा भावी पीढिय़ां हमें कभी माफ नहीं करेंगी।
ई वाई फाऊंडेशन खर्च करेगी 70 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री ने ई वाई फाऊंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि यह कंपनी इस प्रोजैक्ट पर स्वेच्छा से 70 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनियों को अपना सी.एस.आर. फंड सही ढंग से सामाजिक कार्यों में खर्च करने को प्रेरित करने के लिए हमने हरियाणा सी.एस.आर. ट्रस्ट बनाया है। पिछले एक वर्ष में कंपनियों ने इस ट्रस्ट के माध्यम से प्रदेश में 542 करोड़ रुपए सी.एस.आर. के खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कंपनियों का आह्वान करेंगे कि प्रदेश में कम से कम एक हजार करोड़ रुपए सी.एस.आर. के माध्यम से सामाजिक कार्यों में लगें। मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम तथा नूंह जिलों में अरावली की पहाडिय़ों में लगभग 10 हजार एकड़ में जंगल सफारी बनाने का कार्य भी प्रस्तावित है।
झीलों व तालाबों को खत्म होने से बचाना जरूरी: राव इंद्रजीत सिंह
केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में पानी बचाने का अभियान शुरू किया जिसे हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि कभी दमदमा झील तथा बडख़ल झील बड़ी हुआ करती थी, लेकिन शहरीकरण इस प्रकार से बढ़ा कि बडख़ल झील तो खत्म हो गई और दमदमा झील खत्म होने को है। राव इंद्रजीत सिंह ने भी घटते भूजल स्तर पर ङ्क्षचता जताते हुए पानी का संरक्षण व संचयन करने पर जोर दिया।
4 चरणों में विकसित होगा जैव विविधता पार्क
यह परियोजना चार चरणों में विकसित होगी। पहले चरण में क्षेत्र के पेड़-पौधों व मिट्टी आदि का अध्ययन करने के साथ नर्सरी का निर्माण व झील की सफाई की जाएगी। दूसरे चरण में वाटर शैड मैनेजमैंट व पौधारोपण की शुरूआत होगी, तीसरे चरण में झील का विकास और चौथे चरण में पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दमदमा झील का जीर्णोद्धार चार साल में और जैव विविधता पार्क विकसित करने का कार्य 10 साल में पूरा होगा।