चीफ इंजीनियर के सिर पर आई गंभीर चोटें, विजय देव बाल-बाल बचे

punjabkesari.in Wednesday, Dec 09, 2015 - 02:41 AM (IST)

 चंडीगढ़, (अर्चना): खरड़- लुधियाना मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में नगर निगम चंडीगढ़ के चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद सहित 7 लोग घायल हो गए। घायलों को पी.जी.आई. में भर्ती करवाया गया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। हादसे के समय चंडीगढ़ मेयर पूनम शर्मा, एडवाइजर विजय देव, वित्त सचिव सर्वजीत सिंह एग्जीक्यूटिव इंजीनियर शाम लाल समेत ड्राइवर मुरगन भी साथ थे। हादसे में घायल निगम के अधिकारी व तीनों स्टूडैंट्स को पी.जी.आई के एडवांस ट्रामा सैंटर में भर्ती करवा दिया गया। पी.जी.आई के डाक्टर्स की मानें तो चीफ इंजीनियर मुकेश आनंद के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी दोनों टांगों की घुटनों से ऊपर की हड्डियां फ्रैक्चर हुई हैं। हालांकि मुकेश आनंद के दिमाग को हादसे की वजह से कोई नुक्सान नहीं पहुंचा है। आनंद को सुपरफिशियल हैड इंजरी हुई है। दिमाग के बाहर की स्किन चोटिल हुई है परंतु स्कल को नुक्सान नहीं पहुंचा है। प्लास्टिक सर्जन और अन्य डाक्टर्स ने मिलकर आनंद की सर्जरी की। एक्सियन शामलाल के हाथ व पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर बताए जा रहे हैं। ड्राइवर मुरगन की छाती व सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। डाक्टर्स के मुताबिक मुरगन के हिप्स की हड्डियों में भी फ्रैक्चर है। अधिकारियों की कार से टकराने वाली कार में सवार तीनों स्टूडैंट्स में से कुणाल के सिर व कंधे में गंभीर चोटें लगी है। अन्य स्टूडैंट हरसिमरनजीत सिंह व प्रवीण के सिर पर भी चोटें आई हैं। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मेयर पूनम ने फिर दिखाई बहादुरी

मेयर पूनम शर्मा ने फिर बहादुरी का प्रमाण दिया। उन्होंने अपने दुपट्टे से चीफ इंजीनियर का सिर बांध कर उन्हें पी.जी.आई. पहुंचाया। यही नहीं इंजीनियरिंग स्टूडैंट प्रवीण और अन्य स्टूडैंट्स को भी हॉस्पिटल में दाखिल करवाया। इससे पहले मेयर गोवा के स्टडी टूर के दौरान भी बहादुरी दिखा चुकी हैं। गत वर्ष आयोजित नगर निगम के पार्षदों का स्टडी टूर के दौरान पूर्व पार्षद मलकीत सिंह की तबीयत खराब हो गई थी। उस दौरान पूनम शर्मा ने बारिश के दौरान बाइक पर मलकीत सिंह को बिठाकर अस्पताल पहुंचाया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News