बंबीहा गिरोह का फरार सदस्य सैक्टर-43 बस स्टैंड से गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2020 - 07:36 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज): गैंगस्टर लारैंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य व सोपू पार्टी के अध्यक्ष गुरलाल सिंह बराड़ के हत्यारों को बाइक मुहैया करवाने के मामले में पकड़े गए बंबीहा गिरोह के गुरविंदर सिंह उर्फ लंबर के साथी व फरार सह आरोपी को पुलिस ने सैक्टर-43 बस स्टैंड के पास गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहाली के पुट्टा रुडक़ी गांव निवासी गुरमीत सिंह उर्फ गीता के रूप में हुई। आरोपी गुरमीत ने बताया कि उसने बंबीहा गिरोह के सदस्य गौरव उर्फ लक्की के कहने पर गुरलाल के हत्यारों नीरज चीमा और मनी को बाइक दी थी। गौरव ने उसे बाइक मुहैया करवाने की एवज में हैरोइन और महाराष्ट्र के हजूर साहिब में दर्शन के लिए रुपए देने थे। 

 


गुप्त सूचना पर दबोचा
डी.एस.पी. ईस्ट गुरमुख सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि सोपू पार्टी के अध्यक्ष गुरलाल सिंह बराड़ के हत्यारे बंबीहा गिरोह के सदस्यों को बाइक दिलाने के मामले में फरार सह आरोपी गुरमीत सिंह उर्फ गीता महाराष्ट्र के हजूर साहिब में दर्शन के लिए जाने के लिए सैक्टर-43 बस स्टैंड से बस पकडऩे आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सैक्टर-43 बस स्टैंड के पास नाका लगाया। गुरमीत सिंह उर्फ गीता जैसे ही बस स्टैंड पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गुरमीत ने पुलिस को बताया कि बंबीहा गिरोह के सदस्य गौरव उर्फ लक्की के कहने पर उसने नीरज चस्का और मनी को बाइक दी थी। बाइक देने में दोस्त गुरविंदर ने उसका साथ दिया था। गौरव ने बाइक मुहैया करवाने के बदले उसे 20 ग्राम हैरोइन और हजूर साहिब में दर्शन के लिए रुपए देने थे।। इसी के चलते उसने बाइक मुहैया करवाई थी।
नाभा जेल में हुई थी गौरव उर्फ लक्की से मुलाकात
गुरमीत उर्फ गीता ने पुलिस को बताया कि हत्या के प्रयास मामले में वह नाभा जेल में बंद था। इस दौरान उसकी मुलाकात बंबीहा गैंग के सदस्य गौरव उर्फ लक्की से हुई। नाभा जेल में मशक्ति का काम करता था, जिसके चलते वह गौरव के संपर्क में आया। इसके बाद गौरव उसके साथ व्हाट्सएप्प पर बातचीत करता था। 
चालान रिकॉर्ड से जरिये पकड़ा गया था गुरविंदर 
हत्याकांड की जांच में डी.एस.पी. ईस्ट गुरमुख सिंह ने बाइक नंबर पी.बी. 12 क्यू 2660 नंबर का चालान रिकॉर्ड चैक करवाया। इंस्पैक्टर नीरज सरना ने ट्रैफिक लाइन से रिकॉर्ड निकवाया तो पता चला कि बाइक का चालान 10 दिसम्बर, 2016 को हुआ था। पुलिस बाइक के मालिक कुलबीर सिंह तक पुलिस पहुंच गई। कुलबीर ने पुलिस को बताया कि उसने बाइक मोहाली के गांव पुट्टा रुडक़ी निवासी गगनप्रीत को दे रखी है। बंबीहा गैंग के सदस्य सौरव पटियाला ने गुर्गे गीता और गुरविंदर को फर्जी नंबर की बाइक पहुंचाने का निर्देश दिया। गगनप्रीत से बाइक लेकर गुरविंदर ने बंबीहा गैंग के सदस्यों तक बाइक पहुंचाई थी। उसने एक मैकेनिक से फर्जी नंबर प्लेट तैयार करवाकर लगवाई थी। इसके बाद पुलिस ने गुरविंदर को पोल्ट्री फार्म चौक के पास गिरफ्तार किया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

AJIT DHANKHAR

Recommended News

Related News