पॉल मर्चैंट के मालिक की कार से लाखों रुपए से भरा बैग चुराने वाले 6 गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Dec 29, 2019 - 09:50 AM (IST)

पंचकूला(चंदन) : क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 पंचकूला ने चंडीगढ़ में 19 दिसम्बर को तेल लीक होने की बात कह कर पॉल मर्चैंट के मालिक और पूर्व मनोनीत पार्षद सतपाल बंसल की गाड़ी से साढ़े 16 लाख रुपए से भरा बैग चोरी कर फरार होने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 16.50 लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए। 

शनिवार को डी.सी.पी. कमलदीप गोयल ने बताया कि क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने साइबर सैल की मदद से गुप्त सूचना के आधार पर 26 दिसम्बर को लूट की योजना बनाते हुए मोरनी टी-प्वाइंट से थोड़ा आगे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 

आरोपियों से 2 सरिये,एक पाइप, टॉर्च, 3 पेपर स्प्रे और एक कार बरामद की थी। आरोपियों की पहचान इंद्र, सूर्या, शिवा, विकास के रूप में हुई। आरोपियों के साथी दो नाबालिग भी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपियों ने अन्य वारदातों के बारे में बताया।

सरगना इंद्र पर दर्ज हैं कई केस :
मुख्य आरोपी इंद्र (25) पर चंडीगढ़, पंचकूला, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में भी कई केस दर्ज हैं। वह पहले गिरफ्तार हो चुका था और अभी फरार चल रहा था। आरोपी इंद्र ने वर्ष 2015 में सैक्टर-14 पैट्रोल पंप के पास भी ऐसी ही घटना को अंजाम दिया था। उस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। इंद्र अपने साथियों विकास, शिवा, सूर्या व दो अन्य नाबालिगों के साथ कार व एक्टिवा पर 1 दिसम्बर को दिल्ली से चंडीगढ़ और पंचकूला आए थे। 

आरोपियों ने 2 दिसम्बर को पंचकूला सैक्टर-9 की मार्कीट में कार में जा रही एक महिला के पास एक नाबालिग को भेजा और कहलवाया कि कार से तेल लीक हो रहा है। इसके बाद वे कार से एक बैग उठाकर फरार हो गए। आरोपियों से एक स्कूटी, एक सोने की अंगूठी, दो टॉपस, एक चेन, एक बोतल काला तेल बरामद किया है। 

चंडीगढ़ के सैक्टर-7 से खरीदी थी बाइक :
आरोपियों ने चंडीगढ़ स्थित सैक्टर-7 से बाइक खरीदी थी। उसके बाद आरोपियों ने 19 दिसम्बर को चंडीगढ़ के सैक्टर-61 से बिजनैसमैन सतपाल बंसल की मर्सिडीज कार से तेल लीक होने की बात कही। 

जब उनका ड्राइवर कार को साइड में खड़ी कर जांच कर रहा था तो वे कार में रखा लाखों रुपए से भरा बैग लेकर बाइक पर फरार हो गए। चंडीगढ़ के सैक्टर-36 थाना में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक भी रिकवर कर ली है।

वारदात के बाद चले गए थे वैष्णो देवी :
सभी आरोपी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से कुछ दूर झुग्गी में रहते थे। आरोपी 2 दिसम्बर को पंचकूला मेंं वारदात को अंजाम देने के बाद वैष्णो देवी मंदिर चले गए थे। वहां से आने के बाद चंडीगढ़ में वारदात को अंजाम दिया था। सभी आरोपी मूलरूप से चैन्नई के रहने वाले हैं और दिल्ली में किराए के मकान में रहते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News