इंटर स्टेट वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, पांच सदस्य गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Oct 04, 2017 - 09:20 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और नई दिल्ली से वाहन चोरी करने वाले इंटर स्टेट गैंग के पांच सदस्यों को क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गिरोह के सरगना दिल्ली के चंद्र विहार निवासी चनप्रीत सिंह उर्फ चन्नी, अंबाला सिटी के गोबिंद विहार निवासी हरप्रीत सिंह, कुरुक्षेत्र के गांव रत्नगढ़ ककरोली निवासी शेर सिंह, यमुनानगर के गांव संधाला निवासी राजकुमार, अंबाला सिटी के न्यू विवेक विहार के धनविंदर शर्मा व मलोट के गांव बलोचोड़ा निवासी स्क्रैप डीलर संजीव कुमार उर्फ काली के रूप में हुई। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 36 वाहन बरामद किए हैं। इनमें 13 चार पहिया और 23 दोपहिया वाहन हैं। 

 

पुलिस ने बताया कि चनप्रीत सिंह और स्क्रैप डीलर संजीव कुमार 15 गाडिय़ां दिल्ली में स्क्रैप में बेच चुके हैं। गिरोह ने बाइक से लेकर ट्रक तक चोरी किए हैं। चोरी की गाड़ी को 50 हजार से लेकर दो लाख रुपए तक स्क्रैप में बेचते थे और रुपए आपस में बांट लेते थे। क्राइम ब्रांच ने वाहन चोरों पर मामला दर्जकर उन्हें जिला अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। 

 

पहले भी दर्ज हैं चोरी के मामले :
वाहन चोर गिरोह के सदस्यों पर इससे पहले भी कई दर्जन अपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी चनप्रीत, राज कुमार व शेर सिंह पहले भी कई बार चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं। चनप्रीत को कुछ महीने पहले पंचकूला पुलिस ने पकड़ा था। पुलिस ने उसके पास से कई चोरी की गाडिय़ां बरामद की थीं। जमानत मिलने के बाद उसने चंडीगढ़, पंचकूला, राजपुरा, पटियाला, यमुनानगर और नई दिल्ली से गाडिय़ां चोरी की थी। 

 

कार सहित दबोचा गया था चनप्रीत :
एस.पी. आपरेशन रवि कुमार ने बताया कि चंडीगढ़ में वाहन चोर गिरोह को पकडऩे के लिए डी.एस.पी. क्राइम पवन कुमार के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई थी। क्राइम ब्रांच के इंस्पैक्टर अमनजोत ने गिरोह के सरगना को 22 सितम्बर को सारंगपुर थाने के पास नाका लगाकर दबोचा था। पुलिस ने उसके पास राजपुरा से चुराई हुई लांसर कार बरामद हुई थी। आरोपी ने कार पर जाली नंबर लगा रखा था। पुलिस ने चनप्रीत की निशानदेही पर चोरी के पांच वाहन बरामद किए। इसमें लांसर कार, इनोवा, मारुति कार, हीरो होंडा बाइक और एक्टिवा शामिल थे। 

 

चनप्रीत ने पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस टीम ने गिरोह के सरगना  राजकुमार, धनविन्द्र सिंह, हरप्रीत सिंह, शेर सिंह व संजीव कुमार को दबोच लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 11 वाहन बरामद किए और चंडीगढ़ में दर्ज केस सुलझाए। वहीं, पूछताछ में स्क्रैप डीलर संजीव कुमार ने बताया कि वह गिरोह के सदस्यों से चोरी के वाहन खरीदकर बेचता है। पिछले महीने उसने चनप्रीत से 19 दोपहिया वाहन खरीदे थे जो दड़वा में ट्रक में लोड़ हो रखे हैं। 

 

पुलिस ने संजीव की निशानेदही पर दड़वा से दोपहिया वाहन से भरा ट्रक को बरामद कर लिया। पुलिस को ट्रक के अंदर से 21 दोपहिया वाहन बरामद हुए। संजीव ने पुलिस पूछताछ में यह भी बताया कि चनप्रीत सिंह व राजकुमार दिल्ली से चुराई हुई 15 और कारें भी उसे बेची थी। इनमें से 12 आल्टो, 2 वरना व 1 होंडा सिटी थी। उसने इन सभी गाडिय़ों को तोड़कर उनके पार्ट्स कस्टमरों को बेच दिए थे। क्राइम ब्रांच की टीम अब दिल्ली वाले स्क्रैप डीलर की तलाश कर रही है। 

 

घरों के बाहर से चुराते थे गाड़ी, खड़ी करते थे पार्किंग में :
वाहन चोर गिरोह के सरगना गाड़ी की डिमांड के मुताबिक ही गाड़ी चोरी करते थे। पुलिस ने बताया कि करीब चार नई गाडिय़ां चोरी की गई। आरोपी दिन के समय घरों के बाहर खड़ी होने वाली गाडिय़ों की रैकी करते और रात को वारदात को अंजाम देते। इसके बाद चोरी की गाडिय़ों पर जाली नंबर लगाकर उन्हें पार्किंग में खड़ी कर देते थे। मौका मिलने के बाद ये लोग गाड़ी स्क्रैप डीलर को बेच देते थे। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News