बच्चा अगवा करने वाला नशेड़ी धरा, दो फरार
punjabkesari.in Friday, Aug 30, 2019 - 12:54 PM (IST)
मोहाली(कुलदीप) : पुलिस स्टेशन सोहाना के गांव न्यू लांडरां में आज दोपहर को उस समय हड़कंप मच गया। जब गांव के गुरूद्वारा साहिब में अनाऊंसमेंट हुई कि गांव में बच्चे उठाने वाला गिरोह घूम रहा है और सभी सावधान रहें। इसके बाद लोग इकट्ठे हो गए और लोगों ने एक व्यक्ति को दबोच लिया।
जबकि दो व्यक्ति कार में बैठकर फरार होने में सफल हो गए। लोगों ने उस व्यक्ति से अगवा करके ले जाए जा रहे बच्चे को छुड़वा लिया। लोगों ने इस व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गांव न्यू लांडरां निवासी नरेश कुमार तथा उसकी पत्नी अनू ने बताया कि उनके दो बेटे हैं।
आज दोपहर को अनू एक बेटे को दवाई दिलाने गई थी। रोते हुए उसका तीन वर्षीय दूसरा बेटा अरमान भी उसके पीछे आ गया। वह डाक्टर के क्लीनिक के अंदर थी और बच्चा गली में रो रहा था। उसने देखा कि एक अजनबी व्यक्ति ने उसके बच्चे अरमान को गोद में उठा लिया और चल पड़ा। अनू ने मचाया तो लोग इकट्ठे हो गए।
वह बच्चे को लेकर घर चली गई। वही व्यक्ति फिर उसके घर गया और आंगन में खेल रहे बच्चे को उठा लिया। उसने फिर शोर मचाया व गुरूद्वारा साहिब में अनाउसमैंट करवा दी और लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया जबकि उसके दो साथी कार में फरार हो गए।
नशे में धुत्त आरोपी बोला-‘मोदी ने भेजा है’ :
जब लोगों ने उक्त व्यक्ति को दबोचा तो पता चला कि वह किसी मैडीकल नशे में धुत्त था। वह अपना नाम पता भी बताने में असमर्थ था। लोगों ने उसे पूछा कि यहां किस काम के लिए आया है तो कहने लगा ‘मुझे मोदी ने काम करने के लिए भेजा है, मैं यह काम तो करके ही जाऊंगा।’
केस दर्ज, 2 की तलाश जारी :
उक्त घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी गई। जिस पर सोहाना पुलिस स्टेशन से मौके पर ए.एस.आई. बलजिन्द्र सिंह पहुंचे। जिन्होंने उक्त व्यक्ति को पकड़ कर थाने ले गए। एस.एच.ओ. पुलिस स्टेशन सोहाना राजेश हस्तीर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा व्यक्ति नशे में था। वह अपना नाम पता भी बता नहीं पा रहा। अभी जांच जारी है तथा उसके अन्य दो साथियों की भी तलाश जारी है।