जीरकपुर-पटियाला रोड पर 2 टोल प्लाजा तैयार, मई से देने पड़ेंगे पैसे

punjabkesari.in Saturday, Mar 31, 2018 - 10:56 AM (IST)

जीरकपुर (गुरप्रीत):जीरकपुर-पटियाला रोड के 2 टोल-प्लाजा पर मई में जेब ढीली करने के लिए तैयार रहे। राजपुरा से जीरकपुर को जाने वाले राहगीरों के लिए बन रहा राज्य मार्ग 30 अप्रैल तक तैयार हो जाएगी। कंपनी के प्रोजैक्ट अधिकारी ने बताया कि जीरकपुर से बठिंडा तक निर्माणाधीन राज्य मार्ग का निर्माण अब पूरा होने को है। 

 

सड़क सी.डी.एस. कंपनी द्वारा बनाई जा रही है। हालांकि टोल टैक्स की दरें अभी तय नहीं है। फिर भी सूत्रों की मानें तो इस रोड पर कुल 55 से 80 रुपए के बीच प्रति वाहन टोल टैक्स लग सकता है। निर्माण कंपनी की माने तो गांव अजीजपुर के पास लगाए जा रहे टोल प्लाजा का तकरीबन सारा काम मुकम्मल हो चुका है। 

 

टोल प्लाजा के आसपास की सभी सड़कें भी बनाई जा चुकी हैं। पर्ची काटने के लिए कैबिन भी तैयार हैं। टोल प्लाजा पर अलग-अलग हिदायतों के होर्डिंग बोर्ड भी लगाए जा चुके हैं। अधिकारियों की माने तो दो चार हफ्ते में थोड़ा बहुत रहता काम भी पूरा हो जाएगा। 

 

टोल टैक्स के नियमों का किया उल्लंघन 
इस सड़क पर टोल नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। हाईवे अथॉर्टी के नोटिफिकेशन के अनुसार एक ही सड़क पर दो टोल प्लाजा के बीच की दूरी 60 किलोमीटर से कम नहीं हो सकती, लेकिन इस सड़क में 35 किलोमीटर की दूरी में 2 टोल टैक्स लगाए जा रहे हैं। अब जनता को दो-दो बार जेब हल्की करनी पड़ेगी। 

 

सड़क निर्माण पर खर्च हुए करीब 304 करोड़ रुपए
जीरकपुर से राजपुरा तक करीब 28 किलोमीटर राज्य मार्ग के निर्माण में 304 करोड़ खर्च आया है। 9 ओवरब्रिज बनाने का काम तेजी से चल रहा है। सड़क बना रही कंपनी के प्रोजैक्ट अधिकारी ने बताया कि 30 अप्रैल से पहले काम पूरा हो जाएगा। 

 

सड़क पर अजीजपुर के अलावा धरेड़ी जट्टां में दूसरा टोल प्लाजा लगाया है। 38 किलोमीटर की दूरी पर बनाए इन दोनों टोल प्लाजा पर लोग एतराज जता रहे हैं। क्योंकि हाइवे अथॉर्टी के नियमों के अनुसार टोल प्लाजा के बीच कम से कम 60 किलोमीटर की दूरी होनी जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Related News