गैस सिलैंडर ब्लास्ट की घटना, 2 घायलों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

Sunday, Oct 22, 2017 - 09:47 PM (IST)

पंचकूला, (चंदन): सैक्टर-10 की कोठी में गैस सिलैंडर में ब्लास्ट होने के बाद जख्मी हुए राम चन्द्र शर्मा (70) ने रविवार को चंडीगढ़ के जी.एम.सी.एच.-32 में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया। वहीं सैक्टर-10 के मकान नम्बर-702 के मालिक अजित चौधरी (30) ने भी रविवार शाम जी.एम.सी.एच.-32 में दम तोड़ दिया।

इस हादसे में एक महिला समेत 8 लोग जख्मी हुए थे। राम चन्द्र शर्मा सैक्टर-10 की कोठी नंबर-701 में परिवार के साथ रह रहे थे। वह पंजाब राज्य बिजली बोर्ड से बतौर सीनियर अकाऊंटैंट रिटायर हुए थे।

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात पड़ोस की सिंगल स्टोरी कोठी नंबर-702 से धुआं निकलकता देख पड़ोस में शोर मच गया। इसके बाद बाकी पड़ोसियों के साथ राम चन्द्र शर्मा भी कोठी के बाहर पहुंचे। इतने में सिलैंडर में ब्लास्ट हो गया व हादसे में 8 लोग झुलस गए। धमाके से कोठी की छत भी गिर गई थी। घायलों को सभी को सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने राम चन्द्र की हालत को देखते हुए जी.एम.सी.एच.-32 चंडीगढ़ रैफर कर दिया था। रविवार सुबह रामचंद्र ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। राम चन्द्र शर्मा का शरीर करीब 50 प्रतिशत झुलस गया था।

 

Advertising