पुरुषों के मुकाबले हर महीने 5% ज्यादा बचत कर रहीं महिलाएं, एक साल में 42% बढ़ीं महिला निवेशक
punjabkesari.in Saturday, Sep 02, 2023 - 03:12 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः देश में महिला निवेशक तेजी से बढ़ रही हैं। जुलाई तक पिछले एक साल में महिला निवेशक 42% बढ़ गई। इसके मुकाबले 2022 में महिला निवेशक 18% बढ़ी थीं। फाइनेंशियल एंड इन्वेस्टमेंट एडवाइजरी सर्विसेज फर्म फिनएज के मुताबिक, महिलाएं भविष्य के लिए पुरुषों के मुकाबले हर माह 5% ज्यादा बचत भी कर रही हैं। फिनएज ने अगस्त में 23 से 76 साल तक की महिलाओं के बीच एक सर्वे कराया। इसके निष्कर्ष के मुताबिक, 30.82% महिलाएं रिटायरमेंट प्लान पर फोकस कर रही हैं। 32.82% महिलाएं बच्चों की शिक्षा को लेकर फाइनेंशियल प्लानिंग कर रही हैं।
मुनाफे पर नहीं, लक्ष्य पर फोकस
रिपेर्ट के मुताबिक, महिलाओं का ध्यान अमूमन मुनाफा वसूली पर नहीं, बल्कि निवेश का लक्ष्य हासिल करने पर होता है। फिनएज के सीईओ हर्ष गहलोत ने कहा, "यह उन्हें लंबी अवधि के निवेश के मामले में बेहतर स्थिति में ले जाता है।"
पुरुषों से कम उम्र में निवेश की शुरुआत
• देश में महिला निवेशकों की औसत उम्र 38.67 साल, जबकि पुरुष निवेशकों की औसत आयु 40.34 वर्ष है।
• 87% महिलाएं एसआईपी के जरिए शेयरों में निवेश करती हैं। इसके मुकाबले 89.9% पुरुष एसआईपी करते हैं।
• महिलाएं हर महीने औसतन 14,347 रुपए निवेश करती हैं, जबकि पुरुषों के मामले में इसका औसत 13,704 रुपए है।
हर साल 62% बढ़ी युवा महिला निवेशक
• 2022 तक तीन साल में म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाली 18-24 साल की युवा महिलां सालाना 62% बढ़ीं।
• दिसंबर 2019 से दिसंबर 2022 के बीच फंड में पैसा लगाने वाली 18-24 साल की महिलाएं चार गुना हो गई।
• इस बीच 25-35 साल की महिला निवेशकों की संख्या सालाना 33% बढ़कर तकरीबन दोगुनी हो गई