कमोडिटी मार्केट में बड़ी हलचल, अचानक क्यों लुढ़क गए सोना-चांदी, 60 मिनट में $1.1 ट्रिलियन साफ!

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 06:22 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः 2 मार्च को कीमती धातुओं के बाजार में ऐसा उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जिसने निवेशकों को हैरान कर दिया। दिनभर सोना-चांदी में जोरदार तेजी बनी रही लेकिन कुछ ही घंटों में बाजार ने तेज यू-टर्न ले लिया। महज 60 मिनट के भीतर गोल्ड और सिल्वर से करीब 1.1 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यू साफ हो गई।

सोने की कीमत लगभग 100 डॉलर प्रति औंस टूट गई, जबकि चांदी में 7% की गिरावट दर्ज की गई। इस अचानक आई बिकवाली से ग्लोबल कमोडिटी मार्केट में हलचल मच गई और ट्रेडर्स के बीच अनिश्चितता बढ़ गई।

हालांकि गिरावट के बाद बाजार में फिर रिकवरी की कोशिश दिखी। 3 मार्च की सुबह सोने का भाव करीब 1% बढ़कर 5,400 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया लेकिन यह तेजी ज्यादा देर टिक नहीं पाई और दोपहर तक फिर दबाव बन गया। चांदी में भी 5% तक की कमजोरी देखने को मिली।

अचानक क्या बदला?

2 मार्च की सुबह तक माहौल पूरी तरह बुलिश था। खरीदारी मजबूत थी और कीमतें ऊपरी स्तरों पर बनी हुई थीं। सुबह करीब 8:26 बजे सोना 5,425 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था लेकिन लगभग ढाई घंटे बाद, 11:06 बजे तक कीमत गिरकर 5,296 डॉलर प्रति औंस पर आ गई यानी करीब 130 डॉलर की गिरावट। इसमें से लगभग 100 डॉलर की गिरावट तो सिर्फ एक घंटे के भीतर दर्ज की गई।

इस तेज गिरावट की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े फंड्स द्वारा पोजिशन कटौती, मार्जिन कॉल ट्रिगर होना या एल्गोरिदमिक ट्रेडिंग की तेज बिकवाली इसके पीछे कारण हो सकते हैं। जब एक बार सेलिंग शुरू होती है, तो स्टॉप-लॉस ऑर्डर और ऑटोमेटेड ट्रेडिंग उसे और तेज कर देते हैं।

60 मिनट में भारी वैल्यू इरेज

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गिरावट में:

  • गोल्ड 2% से अधिक गिरा, जिससे लगभग 750 बिलियन डॉलर की मार्केट वैल्यू कम हुई
  • सिल्वर 7% टूटा, जिससे करीब 370 बिलियन डॉलर की वैल्यू मिट गई

स्पॉट सिल्वर दो घंटे से भी कम समय में 7% गिरकर 88 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया। यह मूवमेंट एक क्लासिक “मेसिव रिवर्सल” जैसा था, जहां तेज रैली के बाद अचानक भारी बिकवाली हावी हो गई।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News