वारी एनर्जीज का चौथी तिमाही में मुनाफा 75% की बढ़त के साथ 1,126 करोड़ रुपए

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 02:05 PM (IST)

नई दिल्लीः वारी एनर्जीज लिमिटेड का 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ करीब 75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,126 करोड़ रुपए रहा। कंपनी का 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 644.47 करोड़ रुपए रहा था। वारी एनर्जीज ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय दोगुनी से अधिक होकर 8,659.98 करोड़ रुपए रही जो 2024-25 की समान तिमाही में 4,140.92 करोड़ रुपए थी। समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में वारी एनर्जीज लिमिटेड का शुद्ध लाभ बढ़कर 3,884.15 करोड़ रुपए हो गया जो 2024-25 में 1,928.13 करोड़ रुपए था। 

कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 मार्च 2026 को समाप्त वर्ष के लिए 10 रुपए अंकित मूल्य वाले प्रति शेयर पर दो रुपए (20 प्रतिशत) का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है। इसे आगामी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा। निदेशक मंडल ने पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) या अन्य अनुमेय माध्यमों से 10,000 करोड़ रुपए तक जुटाने को भी मंजूरी दी है। हालांकि यह भी शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। 

कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जिग्नेश राठौड़ ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 का प्रदर्शन चीन के बाहर ऊर्जा बदलाव को बढ़ावा देने वाले सबसे बड़े प्रदाताओं में से एक बनने की दिशा में घोषित ढांचे के लिए एक मजबूत आधार तैयार करता है। कंपनी बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली, इन्वर्टर, ट्रांसफॉर्मर, ट्रांसमिशन एवं वितरण तथा हरित हाइड्रोजन के लिए इलेक्ट्रोलाइजर जैसे क्षेत्रों में विस्तार कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News