यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का चौथी तिमाही में मुनाफा 6.6% बढ़कर 5,316 करोड़ रुपए
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 05:23 PM (IST)
नई दिल्लीः सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का एकल शुद्ध लाभ 2025-26 की चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 6.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,316 करोड़ रुपए रहा। वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 4,985 करोड़ रुपए था। बैंक ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में शुद्ध ब्याज आय या मुख्य आय सालाना आधार पर 1.14 प्रतिशत घटकर 9,406 करोड़ रुपए रह गई। कुल आय घटकर 31,851.15 करोड़ रुपए रह गई जो जनवरी-मार्च 2025 में 32,752.67 करोड़ रुपए थी। परिसंपत्ति गुणवत्ता में हालांकि सुधार हुआ।
सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (जीएनपीए) जनवरी-मार्च तिमाही में घटकर 2.82 प्रतिशत रह गईं, जो एक साल पहले 3.6 प्रतिशत थीं। शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां भी सालाना आधार पर 0.63 प्रतिशत से घटकर 0.48 प्रतिशत रह गया। इसके अलावा, निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपए अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर पांच रुपए के लाभांश की सिफारिश की है। यह भुगतान शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।
