UPI Sets New Record: UPI ने बनाया नया रिकॉर्ड, जनवरी में हुआ इतने का ट्रांजैक्शन
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 05:38 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः देश में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए होने वाला लेनदेन जनवरी महीने में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी में UPI के माध्यम से 21.70 अरब ट्रांजैक्शन हुए, जिनकी कुल राशि 28.33 लाख करोड़ रुपए रही।
दिसंबर के मुकाबले लेनदेन में तेज उछाल
- NPCI ने बताया कि दिसंबर 2025 में UPI ट्रांजैक्शन का कुल मूल्य 27.97 लाख करोड़ रुपए था।
- मासिक आधार पर जनवरी में ट्रांजैक्शन वैल्यू में 21% की वृद्धि दर्ज की गई।
दैनिक औसत ट्रांजैक्शन भी बढ़े
आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में रोजाना औसतन 70 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन हुए। प्रतिदिन औसतन 91,403 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ। यह दिसंबर के मुकाबले अधिक है, जब रोजाना औसतन 69.8 करोड़ ट्रांजैक्शन और 90,217 करोड़ रुपए का लेनदेन दर्ज किया गया था।
सालाना आधार पर भी मजबूत ग्रोथ
दिसंबर 2025 में UPI ट्रांजैक्शन की संख्या सालाना आधार पर 29% बढ़कर 21.63 अरब हो गई थी, जबकि ट्रांजैक्शन वैल्यू 20% बढ़कर 27.97 लाख करोड़ रुपए तक पहुंची थी। जनवरी के आंकड़े इस मजबूत रफ्तार को और पुख्ता करते हैं।
IMPS और QR कोड का भी बढ़ता दायरा
NPCI के मुताबिक, IMPS के जरिए दिसंबर में कुल 6.62 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ, जो सालाना आधार पर 10% अधिक रहा और नवंबर के 6.15 लाख करोड़ रुपए से भी ज्यादा था।
वर्ल्डलाइन इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अब 70.9 करोड़ एक्टिव UPI QR कोड हो चुके हैं, जो जुलाई 2024 के मुकाबले 21% की वृद्धि दर्शाता है।
ग्रामीण और छोटे बाजारों में तेजी से अपनाया जा रहा UPI
वर्ल्डलाइन इंडिया के अनुसार, किराना दुकानों, मेडिकल स्टोर्स, ट्रांसपोर्ट हब और ग्रामीण बाजारों में QR कोड की आसान उपलब्धता ने ‘स्कैन एंड पे’ को देशभर में सबसे लोकप्रिय भुगतान माध्यम बना दिया है।
वर्ल्डलाइन इंडिया के सीईओ रमेश नरसिम्हन ने कहा, “UPI की ग्रोथ लगातार मजबूत बनी हुई है। केवल जनवरी 2026 में भारतीयों ने 28.33 लाख करोड़ रुपए के 21.7 अरब UPI ट्रांजैक्शन किए, जो दिसंबर के मुकाबले ज्यादा और सालाना आधार पर 28% की वृद्धि को दर्शाता है।”
