UPI ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली बार 2,000 करोड़ पार हुआ ट्रांजेक्शन

punjabkesari.in Wednesday, Sep 03, 2025 - 12:13 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत में डिजिटल पेमेंट सिस्टम UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) ने अगस्त 2025 में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। इस महीने 2,001 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।

24.85 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन

अगस्त में हुए इन ट्रांजेक्शंस की कुल वैल्यू ₹24.85 लाख करोड़ रही। यह आंकड़ा पिछले साल अगस्त की तुलना में 34% ज्यादा है। जुलाई 2025 में 1,947 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए थे, जिनकी वैल्यू ₹25.08 लाख करोड़ थी यानी वॉल्यूम बढ़ा लेकिन वैल्यू में 0.9% की मामूली गिरावट आई।

रोजाना 64.5 करोड़ ट्रांजेक्शन

अगस्त में औसतन 64.5 करोड़ ट्रांजेक्शन प्रति दिन हुए, जबकि जुलाई में यह 62.8 करोड़ थे। हर दिन औसतन ₹80,177 करोड़ का लेनदेन हुआ। यह पिछले साल की तुलना में 21% ज्यादा है।

UPI का सफर

UPI की शुरुआत 2016 में NPCI ने की थी। कुछ ही वर्षों में यह डिजिटल पेमेंट का सबसे लोकप्रिय माध्यम बन गया है। अगस्त 2024 तक रोजाना 50 करोड़ से ज्यादा लेनदेन हो रहे थे, जबकि अगस्त 2025 में यह संख्या 70 करोड़ से ऊपर पहुंच चुकी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News